झालावाड़ के भवानीमंडी में अजहरूदीन पर जानलेवा हमले

झालावाड़ में अजहरूदीन पर जानलेवा हमले का खुलासा, सुपारी देने वाला मास्टरमाइंड समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

Jhalawar Attack Case Solved, Mastermind and Four Others Arrested

झालावाड़ (राजस्थान)। कस्बे में रात के समय मुंह बांधकर अजहरूदीन पर लाठी-डंडों और लोहे की सरियों से किए गए जानलेवा हमले के मामले का भवानीमंडी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात की साजिश रचने वाले मास्टरमाइंड इमरान खान और हिस्ट्रीशीटर रेहान उर्फ सुक्खा सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आपसी रंजिश के चलते इमरान ने रेहान उर्फ सुक्खा को सुपारी देकर अजहरूदीन पर हमला करवाया था।

चाय पीते समय बाइक सवार बदमाशों ने पाइप और सरियों से किया हमला

जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि 28 अगस्त 2026 को अजहरुद्दीन पुत्र शहीदउद्दीन निवासी भवानीमंडी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, वह अपने जीजाजी कलीम भाई और ईस्लाम चौधरी के साथ शंकर चाय पर चाय पी रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार 3-4 अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे और लोहे के पाइप व सरियों से उसके साथ मारपीट कर दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक झालावाड़ भागचंद मीणा के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी भवानीमंडी सत्यनारायण गोदारा के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास से तकनीकी साक्ष्य जुटाए और वारदात के दौरान आरोपियों के आने-जाने वाले रास्तों का रूट मैप तैयार किया। इसके बाद आसूचना संकलन, तकनीकी साक्ष्यों और मनोवैज्ञानिक तरीके से किए गए अनुसंधान के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। जांच में सामने आया कि हमले की साजिश आपसी रंजिश के चलते रची गई थी और इमरान खान ने हिस्ट्रीशीटर रेहान उर्फ सुक्खा को सुपारी देकर हमला करवाया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी इमरान खान थाना पगारिया में दर्ज NDPS प्रकरण में भी वांछित चल रहा था।पुलिस ने मामले में रेहान उर्फ सुक्खा, सलमान उर्फ कंटी, चेतन, सुनील सहित इमरान को गिरफ्तार किया है।

भोला उर्फ नितांशु सोनी फरार

जानलेवा हमले के मामले में भोला उर्फ नितांशु सोनी पुत्र संतोष, निवासी इंद्रा कॉलोनी पचपहाड़ भवानीमंडी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की भी तलाश की जा रही है। 

यह भी पढ़ें:   हाथरस में 15 वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत, पेड़ पर लटका मिला शव