झालावाड़ के पिड़ावा थाना क्षेत्र में पुलिस ने 8.15

झालावाड़ में पुलिस की कार्रवाई, 8.15 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार

Jhalawar Police Arrest Man with 8.15 Gram Smack, Probe Begins

झालावाड़ (राजस्थान)। जिले में नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा कस रही पिड़ावा थाना पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। गश्त के दौरान पुलिस ने गर्दनखेड़ी रोड पर घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 8.15 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस अब उससे जुड़े नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।

विशेष अभियान के तहत संदिग्ध युवक को पुलिस ने पकड़ा

जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 18 जुलाई को पिड़ावा थाना प्रभारी रामपाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त और एरिया डोमिनेशन पर थी। इसी दौरान गर्दनखेड़ी रोड पर एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उसे रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी में मिली स्मैक, आरोपी मांगीलाल गिरफ्तार

तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 8.15 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में उसकी पहचान मांगीलाल (32) पुत्र मनोहरलाल डांगी, निवासी गर्दनखेड़ी, थाना पिड़ावा के रूप में हुई। पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और तस्करी नेटवर्क की जांच जारी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में आपराधिक मामले दर्ज हैं। ऐसे में पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वह स्थानीय स्तर पर नशे की सप्लाई कर रहा था या किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।

नशे के खिलाफ अभियान जारी रखने का पुलिस का दावा

पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रामपाल, एएसआई मनोहर लाल, हेड कांस्टेबल कैलाश तथा कांस्टेबल कुलदीप और राहुल सांभरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। 

यह भी पढे़ं:   ग्वालियर में नगर निगम की दीवार गिरने से महिला की मौत, चाय की दुकान पर मलबा गिरने से दो घायल