झालावाड़ के निपानिया गांव के राजकीय विद्यालय में श

झालावाड़ में जर्जर भवन से नाराज ग्रामीणों ने स्कूल पर जड़ा ताला, नए क्लासरूम की मांग

Jhalawar Villagers Lock School Over Teacher and Classroom Shortage

झालावाड़ (राजस्थान)। पंचायत समिति क्षेत्र के निपानिया गांव स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों एवं क्लासरूम की कमी को लेकर शनिवार को अभिभावकों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और विद्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया।

पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध नहीं, भवन भी जर्जर

ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में निपानिया, मेरुखेड़ी और खेड़ा गांव के लगभग 100 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, लेकिन विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। वहीं विद्यालय भवन भी जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है, इससे बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जर्जर भवन से टपकते हैं पानी

ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में वर्तमान में केवल एक ही क्लासरूम उपयोग में है, इसकी छत बारिश के दौरान लगातार टपकती रहती है। हालात इतने खराब हैं कि शिक्षकों को छत से टपकते पानी को रोकने के लिए तिरपाल लगाकर अस्थायी व्यवस्था करनी पड़ रही है। इसके बावजूद बच्चों को जोखिम के बीच पढ़ाई करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

जर्जर भवन से बड़े हादसे की आशंका

अभिभावकों के अनुसार विद्यालय भवन के एक कक्ष को पहले ही जर्जर होने के कारण गिराया जा चुका है, जबकि दो अन्य कक्ष भी बैठने योग्य स्थिति में नहीं हैं। ऐसे में बरसात के मौसम में किसी बड़े हादसे की आशंका से ग्रामीण और अभिभावक चिंतित हैं।

पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति तथा नए क्लासरूम की मांग

घटना की सूचना मिलने पर सीबीईओ राजेंद्र कुमार जैन मौके पर पहुंचे और विद्यालय का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति तथा सुरक्षित एवं नए क्लासरूम की शीघ्र व्यवस्था करने की मांग उठाई।

समस्या का समाधान नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी 

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे। उनका कहना है कि बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। 

यह भी पढ़े:   कोयला खदान के लिए उजड़ेगा स्कूल, 613 छात्रों के भविष्य पर संकट