झांसी में बुजुर्ग की आत्महत्या मामले में बहू और समधी गिरफ्तार
झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के बरुआसागर इलाके में एक बुजुर्ग व्यक्ति के कथित तौर पर अपमानित होने के बाद आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने उसकी बहू और समधी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग ने अपनी बहू और उसके परिवार से कथित तौर पर तंग आकर सोमवार को फांसी लगा ली थी।
बेटे की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
टहरौली के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) रक्षपाल सिंह ने बताया कि नयी बस्ती निवासी प्रमोद यादव (62) के कथित तौर पर आत्महत्या करने के बाद उनके बेटे निशांत ने अपनी पत्नी शिवानी और उसके पिता भारत यादव के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की शिकायत दर्ज कराई थी। सिंह के मुताबिक, इस मामले में बरुआसागर थाना पुलिस ने नामजद आरोपी शिवानी (30) और भारत (56) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि भारत के बेटे अनुराग की तलाश की जा रही है।
दहेज के मुकदमे में फंसाने की धमकी का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि निशांत से इस साल चार फरवरी को हुई शादी के बाद से ही शिवानी अपने परिजनों के साथ मिलकर ससुराल वालों को प्रताड़ित कर रही थी और उन्हें दहेज के मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही थी।
यह भी पढ़: लखनऊ में लैंडिंग से पहले राहुल गांधी के विमान को हवा में लगाना पड़ा चक्कर