दूषित पानी से हुई मौतों के सवाल पर भड़के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, किया अभद्र भाषा का प्रयोग
इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर शहर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के मामले में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पत्रकार के सवाल पर अपना आपा खो बैठे। उन्होंने पत्रकार के सवाल के जवाब में अभद्र भाषा का प्रयोग किया जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
एक पत्रकार ने उनसे दूषित पानी के कारण हुई मौतों को लेकर सवाल किया था। इसपर मंत्री भड़ते हुए बोले, "अरे छोड़ो यार, फोकट प्रश्न मत पूछा करो।" पत्रकार ने दोबारा सवाल करने पर वे अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए निकल गए। हालांकि उन्होंने बाद में इसको लेकर मांफी मांग ली है।
कैलाश विजयवर्गीय ने मांगी माफी
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ते हंगामे को देखते हुए कैलाश विजयवर्गीय ने माफी भी मांग ली है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट में लिखा कि, "मैं और मेरी टीम पिछले दो दिनों से बिना सोए प्रभावित क्षेत्र में लगातार स्थिति सुधारने में जुटी हुई है। दूषित पानी से मेरे लोग पीड़ित हैं और कुछ हमें छोड़कर चले गए, इस गहरे दु:ख की अवस्था में मीडिया के एक प्रश्न पर मेरे शब्द गलत निकल गए। इसके लिए मैं खेद प्रकट करता हूँ। लेकिन जब तक मेरे लोग पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ नहीं हो जाते, मैं शांत नहीं बैठूँगा।"
पाइपलाइन में लीकेज से 13 की मौत, 2000 से अधिक लोग प्रभावित
गौलतलब है कि शहर के भागीरथपुरा इलाके में पेयजल के पाइपलाइन में लीकेज हो जाने के कारण इसमें सीवर का पानी मिल गया। दूषित पानी पीने के कारण कई लोग बीमार पड़ गए और उल्ती-दस्त होने लगी। हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की जानकारी है। हालांकि मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने 7 मौतों की आधिकारिक पुष्टि की है। दूषित पानी पीने से 2000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और सैकड़ों लोगों का अस्पताल में उपचार जारी है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/gst-may-be-reduced-on-air-and-water-purifiers/103243