कानपुर के चमनगंज में दो पक्षों के विवाद के बाद फायरिंग, युवक के पेट में लगी गोली
कानपुर (उत्तर प्रदेश)। कानपुर कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन अंतर्गत चमनगंज थाना क्षेत्र के नाला रोड पर दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद गोली चल गई। गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पेट में गोली लगने से शहजाद आलम की हालत गंभीर
घायल की पहचान शहजाद आलम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर एक पक्ष ने फायरिंग कर दी, जिसमें गोली शहजाद के पेट में जा लगी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची चमनगंज थाना पुलिस ने घायल को तत्काल हैलट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस फोर्स पहुंच गई और जांच-पड़ताल में जुट गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: जौनपुर में ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से लूट का खुलासा, 15 हजार रुपये और जरूरी दस्तावेजों के साथ आरोपी गिरफ्तार