कानपुर के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान डॉक्

कानपुर: ऑपरेशन के दौरान बड़ी लापरवाही, महिला के पेट में छोड़ा तौलिया, दोबारा सर्जरी में निकला बाहर

ऑपरेशन

कानपुर (उत्तर प्रदेश)। एक निजी अस्पताल की बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहाँ ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट में तौलिया ही छोड़ दिया गया। दर्द से तड़पती महिला को जब दूसरे अस्पताल ले जाया गया तो दोबारा ऑपरेशन में उसके पेट से तौलिया निकला। पीड़िता के पति ने अब मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल और कल्याणपुर थाने में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

बच्चेदानी की ट्यूब फटने और पेट में खून जमा

मामला कानपुर देहात के निवासी वीरेंद्र कुमार से जुड़ा है। वीरेंद्र खेती करते हैं। करीब चार महीने पहले उनकी 24 वर्षीय पत्नी सोनी को पेट में तेज दर्द हुआ था। परिजनों ने उसे मकसूदाबाद स्थित ओमशांति हॉस्पिटल में भर्ती कराया। वहाँ डॉक्टरों ने बच्चेदानी की ट्यूब फटने और पेट में खून जमा होने की बात कहकर ऑपरेशन की सलाह दी।

ऑपरेशन के नाम पर करीब डेढ़ लाख रुपये वसूले

परिजनों का आरोप है कि ओमशांति हॉस्पिटल के संचालक अजय ने सोनी का ऑपरेशन अपने अस्पताल में न करके कल्याणपुर स्थित विश्वास हॉस्पिटल के किराए के ऑपरेशन थिएटर में कराया। 10 जून 2026 को ऑपरेशन हुआ, जिसके बाद महिला को वापस ओमशांति हॉस्पिटल लाकर कुछ दिन बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। पति का दावा है कि ऑपरेशन के नाम पर उनसे करीब डेढ़ लाख रुपये वसूले गए।

डिस्चार्ज के कुछ महीने बाद फिर से पेट में तेज दर्द शुरू 

डिस्चार्ज के कुछ महीने बाद सोनी को फिर से पेट में तेज दर्द शुरू हो गया और ऑपरेशन वाली जगह से मवाद निकलने लगा। घबराए परिजन उसे 12 अक्टूबर को अकबरपुर के एक अस्पताल लेकर पहुंचे। जहाँ डॉक्टरों ने तुरंत दोबारा ऑपरेशन की सलाह दी। 13 अक्टूबर को जब दोबारा सर्जरी की गई तो डॉक्टरों के होश उड़ गए, महिला के पेट के अंदर तौलिया फंसा हुआ था, जिसे डॉक्टरों ने बाहर निकाला।

रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी

इस मामले में एसीएमओ डॉ. रमित रस्तोगी ने बताया कि जांच में देखा जाएगा कि महिला का ऑपरेशन किस डॉक्टर ने किया, सर्जरी के दौरान किन लोगों की जिम्मेदारी थी और मेडिकल रिकॉर्ड में क्या दर्ज है। दूसरे अस्पताल में मिले तौलिये के चिकित्सकीय साक्ष्यों की भी जांच होगी। वहीं एसीपी कल्याणपुर दिलीप सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है, सीएमओ से जांच रिपोर्ट मांगी गई है, रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। 

यह भी पढें: कश्मीर में आयोजित अनूठी पश्मीना प्रदर्शनी: लाल डेड की कविताएँ और चित्र बने प्रमुख आकर्षण का केंद्र