कानपुर में महिला से लाखों की लूट का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में अंतरजनपदीय गैंग के दो बदमाश गिरफ्तार
कानपुर: कानपुर के थाना गुजैनी क्षेत्र में महिला से लूट की वारदात का पुलिस ने किया खुलासा। फतेहपुर रोड पर हुई पुलिस मुठभेड़ में अंतरजनपदीय लुटेरा गैंग के दो शातिर बदमाशों को जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
महिला को धमकाकर घर से भी मंगवाए जेवर
पुलिस के मुताबिक, 21 जून की शाम गुजैनी क्षेत्र में एक महिला काम से घर लौट रही थी। रास्ते में दो बदमाशों ने उसे रोककर मंगलसूत्र और सोने की चेन लूट ली। इसके बाद आरोपियों ने महिला को धमकाकर उसके घर से अन्य जेवर भी मंगवा लिए और लाखों के आभूषण लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए एडीसीपी ऑपरेशंस और एसीपी नौबस्ता के नेतृत्व में तीन विशेष टीमें गठित की थीं।
पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, एक फरार
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर बुधवार शाम पुलिस ने फतेहपुर रोड पर घेराबंदी की। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाश घायल होकर गिर पड़े, जबकि तीसरा आरोपी मौके से फरार हो गया।
कई जिलों में दर्ज हैं गंभीर मुकदमे
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अकरम और जावेद अख्तर के रूप में हुई है, जो वर्तमान में नौबस्ता के गढ़ी मछरिया क्षेत्र में रह रहे थे। मौके से पुलिस ने एक मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे, खोखे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी अंतरजनपदीय लुटेरा गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इनका आपराधिक रिकॉर्ड कानपुर, हमीरपुर, जालौन और कासगंज जिलों में भी मिला है।
यह भी पढ़े: रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को नई रफ्तार: राजनाथ सिंह ने DRDO को सौंपी बड़ी वित्तीय ताकत