कांटाफोड़ में अंधे कत्ल का 72 घंटे में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
देवास (मध्य प्रदेश)। जिले के कांटाफोड़ थाना क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने महज 72 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी मौत
एसडीओपी संजय सिंह बैस एवं कांटाफोड़ थाना प्रभारी कैलाशचंद्र चौहान ने बताया कि 27 अगस्त को ग्राम इकलेरा निवासी कमल पिता बाबूलाल चौहान (50) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने पर पुलिस को हत्या की आशंका हुई।
अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से भौतिक एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्य जुटाए। वहीं तकनीकी साक्ष्यों और परिजनों के कथनों के आधार पर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया। जांच में सामने आया कि आरोपी किशन पिता हजारीलाल (21), निवासी इकलेरा को शक था कि उसकी भाभी के मृतक कमल के साथ अवैध संबंध हैं। इसी आशंका के चलते किशन ने अपने साथियों बुद्धन पिता मंगरिय डावर एवं प्रहलाद पिता मंगरिय डावर, दोनों निवासी सुतारियापुरा, के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
तीनों आरोपी सुरमन्या के जंगल से गिरफ्तार
पुलिस ने लगातार प्रयास करते हुए तीनों आरोपियों को सुरमन्या के जंगल से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त कर आगे की पूछताछ एवं कार्रवाई की जा रही है।
मामले में एक आरोपी अब भी फरार
मामले में एक आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक देवास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी बागली के मार्गदर्शन तथा कांटाफोड़ थाना प्रभारी कैलाशचंद्र चौहान के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजेश बारेला सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह भी पढ़ेंः जसवंतनगर में यमुना नदी में मिला अज्ञात महिला का शव, इलाके में मची सनसनी