केरलः वायनाड में सुरंग ढहने से एक की मौत, 7 घायल, 7 लापता
तिरुवनंतपुरम (केरल) । केरल के वायनाड जिले में सुरंग निर्माण के दौरान हुई दुर्घटना में सात लोग घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई है। वहीं सात लोग लापता हैं। बचाव और राहतकर्मी मलबे में दबे लोगों की खोज में जुटे हुए हैं। वहीं राज्य मुखयमंत्री वी.डी. सतीशान ने इस हादसे के लिए ठेकेदार को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की चेतावनियों के बावजूद ठेकेदारों ने खुदाई की गई मिट्टी को हटाने के निर्देशों का पालन नहीं किया। यह घटना बहुत ही दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है।
सात लोगों का अस्पताल में चल रहा इलाज
केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (केएसडीएमए) ने बताया कि वायनाड-कल्लाडी सुरंग निर्माण स्थल की खुदाई के दौरान जमा हुआ मलबा भारी बारिश के बाद नीचे खिसक गया, जिससे सड़कें अवरुद्ध हो गईं। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, मलबे की चपेट में आने से कई लोग घायल हो गए हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), राज्य पुलिस और अग्निशमन एवं बचाव सेवाओं की टीमें बचाव अभियान में तैनात की गई हैं। पत्रकारों से बात करते हुए मुख्य़मंत्री ने बताया कि इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, सात लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और सात अन्य लापता हैं।
प्रतिकूल मौसम की वजह से बचाव कार्य में आ रहीं चुनौतियां
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रतिकूल मौसम और मिट्टी की प्रकृति बचाव कार्य में कई तरह की चुनौतियां पेश कर रही हैं। “जिला कलेक्टर और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ने 20 तारीख को ही आदेश जारी किया था कि खोदी गई सारी मिट्टी हटा दी जाए। पीडब्ल्यूडी मंत्री ने भी बैठक की और ठेकेदारों को इसे तुरंत हटाने का निर्देश दिया। लेकिन ठेकेदारों ने आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, जिला कलेक्टर और मंत्री के निर्देशों का पालन नहीं किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगभग 225 मिमी बारिश हुई है, जबकि लगातार बारिश बचाव कार्यों में बाधा डाल रही है। (एएनआई)