केशव प्रसाद मौर्य से मिलीं बीसी सखियां, मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का दिया आश्वासन
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से आज विशिष्ट करसपोडेन्ट महिला उत्थान समिति, लखीमपुर खीरी की बीसी सखियों के प्रतिनिधिमंडल ने भेंट कर अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को उनके समक्ष रखा। प्रतिनिधिमंडल ने बीसी सखियों से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक अपनी बात रखते हुए उनके समाधान की मांग की।
समस्याओं के समाधान का मिला आश्वासन
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बीसी सखियों द्वारा रखी गई मांगों एवं समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और पूरे प्रकरण को विस्तार से समझा। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों पर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। उप मुख्यमंत्री ने प्रमुख सचिव सौरभ बाबू को निर्देशित किया कि बीसी सखियों द्वारा उठाए गए प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
धरना समाप्त कर काम पर लौटने की अपील
मौर्य ने बीसी सखियों से अपील की कि वे अपना धरना समाप्त करें और पुनः अपने कार्यों एवं दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने में बीसी सखियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार चाहती है कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आवश्यक सेवाएं सुगमता से उपलब्ध हों और योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध सरकार
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रत्येक युवा, महिला और किसान के साथ है तथा उनके उत्थान, सम्मान, स्वावलंबन और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए दिन-रात कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा युवाओं और किसानों के हितों को मजबूत करने के लिए अनेक प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
बैठक में अधिकारी रहे मौजूद
मौर्य ने कहा कि सरकार संवाद और संवेदनशीलता के साथ जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को पुनः आश्वस्त किया कि उनकी मांगों पर निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुरूप आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। बैठक में प्रमुख सचिव सौरभ बाबू, मिशन निदेशक अरुण कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री द्वारा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने तथा आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए जाने के लिए आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें: केशव प्रसाद मौर्य ने गांधी-शास्त्री जयंती पर दी शुभकामनाएं, कहा- बापू के विचार आज भी प्रासंगिक