प्रयागराज में केशव प्रसाद मौर्य ने राहुल गांधी और

केशव प्रसाद मौर्य का राहुल गांधी और सपा पर हमला, बोले- 2027 में फिर बनेगी भाजपा सरकार

Keshav Maurya Targets Rahul Gandhi, Says BJP Will Win UP in 2027

लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज प्रयागराज सर्किट हाउस में पत्रकार बंधुओं से वार्ता करते हुए कहा कि राहुल गांधी झारखंड में चल रहे छात्रों के आंदोलन में नहीं गए क्योंकि वहां कांग्रेस की सरकार हैं और जेपीएससी, जेएसएससी परीक्षाओं में गड़बड़ियों और धांधलियां चरम सीमा पर है। प्रयागराज में राजनीतिक ‘नौटंकीबाजी’ करने आ गए, अपने बाबा की कब्र नहीं जाएंगे क्योंकि वहां से राजनीति नहीं चमकेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के हित के बजाय अपना वोट बैंक तलाशने की राजनीति कर रहे हैं, लेकिन उन्हें छात्रों का वोट न मिला था न ही भविष्य में मिलने वाला है।

छात्र राजनीतिक बहकावे में नहीं आएंगे, सरकार युवाओं के लिए कर रही काम: मौर्य

मौर्य ने कहा कि छात्र समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, राजनीतिक दलों के बहकावे का छात्रों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ने वाला है। छात्र निष्पक्ष हैं और अपने भविष्य को लेकर गंभीर हैं, हम युवाओं के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अवसरों के क्षेत्र में केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं और छात्रों के बीच केवल राजनीतिक एजेंडा लेकर जाने से उनका हित नहीं हो सकता। 

सपा के PDA दावे पर मौर्य का हमला, 2027 में भाजपा सरकार का दावा

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी और उसके PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के राजनीतिक दावे पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का जो चरित्र रहा है, उसके सामने PDA की बात पूरी तरह फर्जी और राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित दिखाई देती है। सपा को यह मालूम हो चुका है कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है। इसी बौखलाहट में समाजवादी पार्टी और उसके नेता तरह-तरह का राजनीतिक नाटक कर रहे हैं।

अखिलेश से मौर्य का सवाल- 2012 से 2017 तक कहां था PDA?

मौर्य ने कहा कि यदि अखिलेश यादव वास्तव में पिछड़ों, दलितों और ब्राह्मणों के हितैषी थे तो वर्ष 2012 से 2017 तक जब समाजवादी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार थी और अखिलेश यादव स्वयं मुख्यमंत्री थे, तब उनका PDA कहां चला गया था? उस समय पिछड़े कहां थे, दलित कहां थे और ब्राह्मण कहां थे?

सपा सरकार के कार्यकाल पर अत्याचार और अपराधियों को संरक्षण का आरोप

उन्होंने कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में समाज के विभिन्न वर्गों के साथ अत्याचार और शोषण की घटनाएं हुईं। लोगों की जमीनों और मकानों पर कब्जे के आरोप लगे और अपराधियों, गुंडों तथा माफियाओं को राजनीतिक संरक्षण मिलने की शिकायतें सामने आती रहीं। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों को लोकसभा और विधानसभा के टिकट तक दिए गए। सपा के शासनकाल का इतिहास जनता के सामने है।

कांवड़ और कुंभ यात्रियों के सम्मान के साथ विरासत संरक्षण पर जोर

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कांवड़ यात्रियों हों या कुंभ यात्रियों, सभी का सम्मान, सत्कार और स्वागत किया जा रहा है तथा श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की जा रही है। राम भक्त हों, शिव भक्त हों, भगवान श्रीकृष्ण के भक्त हों अथवा मां भगवती के उपासक—सभी श्रद्धालुओं की आस्था और सम्मान के लिए सरकार पूरी तरह समर्पित है। उत्तर प्रदेश की पहचान उसकी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से भी है और सरकार विरासत के संरक्षण के साथ विकास को आगे बढ़ाने का काम कर रही है।

महाकुंभ से प्रयागराज की वैश्विक पहचान मजबूत हुई: केशव मौर्य

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज में व्यापक स्तर पर विकास कार्य हुए हैं। महाकुंभ के आयोजन ने प्रयागराज की पहचान को वैश्विक स्तर पर और मजबूत किया है। संगम क्षेत्र, मनकामेश्वर महादेव मंदिर सहित प्रयागराज के धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के प्रति लोगों की आस्था है और सरकार इन स्थलों के विकास तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

2027 में भाजपा को 2017 से ज्यादा जनसमर्थन मिलने का दावा

उपमुख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश के विकास, गरीब कल्याण, किसानों के हित, युवाओं के रोजगार एवं अवसरों तथा प्रदेश के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया है। यही कारण है कि वर्ष 2017 में भाजपा को जो जनसमर्थन मिला था, वर्ष 2027 में उससे भी अधिक जनसमर्थन भाजपा के पक्ष में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि जनता विकास, सुशासन, सुरक्षा और गरीब कल्याण के कार्यों को देख रही है और यही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।

यह भी पढ़े:   प्रयागराज में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का जनता दर्शन, अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश