केशव प्रसाद मौर्य ने एसआईआर मुद्दे पर विपक्ष को घे

केशव प्रसाद मौर्य का विपक्ष पर हमला, बोले- यूपी की सभी 403 सीटें जीतेगी बीजेपी, 2027 में फिर बनेगी सरकार

Keshav Maurya targets opposition over SIR (File Photo)

लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष मुद्दाविहीन है और राजनीतिक लाभ के लिए ऐसे विषयों को हवा दे रहा है, जिनका समाधान निर्वाचन आयोग की निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत संभव है। विपक्ष का आंदोलन पूरी तरह अप्रासंगिक हो चुका है और देश की जनता इसे स्वीकार नहीं कर रही है।

सूची में सुधार चुनाव आयोग का काम, भ्रम न फैलाए विपक्ष

मौर्य ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण निर्वाचन आयोग का कार्य है। किसी मतदाता की मृत्यु होने पर उसका नाम सूची से हटाना, एक से अधिक स्थानों पर नाम दर्ज होने की स्थिति में नियमानुसार उसे दुरुस्त करना तथा स्थान परिवर्तन करने वाले मतदाता का नाम नए निवास स्थान की सूची में दर्ज कराना निर्वाचन प्रक्रिया का हिस्सा है। नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए निर्धारित प्रपत्र एवं प्रक्रिया उपलब्ध हैं। यदि किसी को मतदाता सूची को लेकर आपत्ति है, तो उसे नियमानुसार निर्वाचन आयोग के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए, न कि जनता को भ्रमित करने के लिए राजनीतिक करनी चाहिए।

मोदी सरकार के सुशासन और विकास से घबराया विपक्ष

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से केंद्र सरकार ने देश के विकास, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण और गांवों तथा शहरों में विकास के समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य किया है। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। विकास और सुशासन की इसी राजनीति से घबराकर विपक्ष जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से हटाने में लगा है।

संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा रखें राहुल गांधी व विपक्षी नेता

उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस सहित विपक्षी दल ऐसे मुद्दों को राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रहे हैं। राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं को यदि कोई शिकायत है, तो उन्हें संवैधानिक संस्थाओं और निर्धारित प्रक्रियाओं पर भरोसा करते हुए अपनी बात रखनी चाहिए। संविधान के अनुसार चलने वाले देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर अनावश्यक भ्रम फैलाना उचित नहीं है।

यूपी में 2027 और केंद्र में 2029 में फिर बनेगी एनडीए सरकार

मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और जीतेगी।  कांग्रेस प्रदेश में अपना राजनीतिक जनाधार खो चुकी है और मीडिया में बने रहने के लिए बयानबाजी कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा सरकार के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी नीतियों के आधार पर वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी तथा वर्ष 2029 में केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए फिर सरकार बनाएगा।

यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव को डॉ. लोहिया की गोवा राष्ट्रीय संगोष्ठी पर आधारित स्मारिका भेंट, जानिए क्या कहा