प्रयागराज में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ में पहुंचे केशव प्रसाद मौर्य, पीएम मोदी के 25 साल के कार्यकाल की सराहना
प्रयागराज (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज प्रयागराज जनपद के सिविल लाइन्स स्थित सुभाष चौराहे पर आयोजित तीनों संगठनात्मक जनपदों के संयुक्त कार्यक्रम 'सेवा ज्योति यात्रा' में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके उपरांत उन्होंने सेवा ज्योति कलश यात्रा एवं सेवा ज्योति मशाल को जनता एवं कार्यकर्ताओं को समर्पित किया। कार्यक्रम के दौरान मौर्य ने स्थानीय नागरिकों की समस्याओं व शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना और उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर ही पारदर्शी एवं त्वरित कार्यवाही के कड़े निर्देश दिए।
पीएम मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल पर बधाई
समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व को नमन करते हुए कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों का उनका सफलतम कार्यकाल विश्व के राजनीतिक इतिहास में अभूतपूर्व है। दुनिया का कोई भी शासक इतना सफल और समर्पित नहीं रहा है जितने हमारे प्रधानमंत्री हैं। इस ऐतिहासिक 25 वर्ष पूर्ण होने पर उन्होंने अपनी ओर से, प्रयागराज तथा समस्त प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री का हार्दिक अभिनंदन व बधाई प्रेषित की।
विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ा रही सरकार
मौर्य ने कहा, "हम सभी गौरवशाली हैं कि उस दौर में सामाजिक व राजनीतिक क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं जब देश प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 'विकसित भारत' के लक्ष्य की ओर अग्रसर है।" उन्होंने कहा— "विश्वास करो तुम मोदी पर, यह नवयुग का निर्माता है, ऐसा नेता इस धरती पर एक बार ही आता है।" उप मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि डबल इंजन सरकार का एक ही मूल मंत्र है— वर्ष 2047 तक 'विकसित भारत' व 'आत्मनिर्भर भारत' का निर्माण करना और विश्व के हर क्षेत्र में तिरंगे का मान, सम्मान और गौरव बढ़ाना। डबल इंजन की सरकार 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका सम्मान' के संकल्प के साथ समाज के हर वर्ग के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
यह भी पढ़ें: मुख्य सचिव ने IBPS परीक्षा और विकास योजनाओं की समीक्षा, 31 दिसंबर तक काम पूरा करने के निर्देश