केशव मौर्य का विपक्ष पर हमला, बोले- कांग्रेस 2004-09 में सत्ता में थी, तब ईवीएम और चुनाव आयोग गलत थे क्या?
लखनऊ। गौतमबुद्ध नगर प्रस्थान से पूर्व पत्रकारों से वार्ता करते हुए उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने अपने शासनकाल में उत्तर प्रदेश को विकास के बजाय अव्यवस्था, परिवारवाद और पिछड़ेपन की ओर धकेला। अब यही दल सत्ता में लौटने के सपने देख रहे हैं, लेकिन जनता उनके पुराने कार्यकाल और वर्तमान में राजनीतिक रवैये को अच्छी तरह समझ रही है।
भाजपा का विजय रथ रुकने वाला नहीं: मौर्य
श्री मौर्य ने कहा कि सपा हमारी विरोधी है और इंडी गठबंधन भी हमारा विरोधी है। वे एक साथ आएं या अलग-अलग चुनाव लड़ें, भाजपा का विजय रथ रुकने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनाने का संकल्प है और जनता का आशीर्वाद भाजपा के साथ है।
अखिलेश यादव के PDA पर साधा निशाना
उप मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव और सपा के PDA पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश यादव फर्जी हैं और उनका PDA रथ भी फर्जी है। असली PDA यानी पिछड़े, दलित और वंचित समाज के हित में काम भाजपा की डबल इंजन सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है।
ईवीएम और चुनाव आयोग के आरोपों पर कांग्रेस से सवाल
श्री मौर्य ने कांग्रेस के ईवीएम और चुनाव आयोग संबंधी आरोपों पर कहा कि जब कांग्रेस को 2004 और 2009 में केंद्र में बहुमत मिला था, तब क्या ईवीएम और चुनाव आयोग गलत थे? उन्होंने कहा कि जहां चुनाव जीतते हैं वहां सब सही और जहां हारते हैं वहां ईवीएम व आयोग पर सवाल—यह ‘मीठा-मीठा गप, तीखा-तीखा थू’ वाली राजनीति है।
पूर्ववर्ती सरकारों पर भी निशाना
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता पूर्ववर्ती सरकारों का वह दौर दोबारा नहीं चाहती, जिसने प्रदेश को गर्त में पहुंचाया। भाजपा सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
ये भी पढ़ें: भगत सिंह जयंती पर वामपंथी नेताओं का मार्च, मतदान अधिकार और लोकतंत्र की रक्षा का लिया संकल्प