केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस ने कार की भी जांच

केतन अग्रवाल हत्याकांड: कार की जांच तेज, फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा मामला

केतन हत्याकांड में जांच तेज

पुणे,(महाराष्ट्र)। के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। पुलिस अब उस लाल रंग की इलेक्ट्रिक कार की भी जांच कर रही है, जिसका इस्तेमाल केतन अग्रवाल ने अपनी हत्या वाले दिन लोहगढ़ किले की यात्रा के दौरान किया था। इसी कार का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें केतन अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ सनरूफ खुली कार में सफर करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो कार खरीदने के बाद लंबी ड्राइव के दौरान स्वयं केतन ने बनाया था।

18 जून को केतन मंगेतर सिया के साथ इसी कार से गया था लोहगढ़ किला

पुलिस के अनुसार, 18 जून को केतन अग्रवाल अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ इसी कार से लोहगढ़ किले गए थे। इस मामले की जांच हत्या के एंगल से की जा रही है। पुलिस ने सिया गोयल और केतन के दोस्त चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है और दोनों फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं।

फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन को मंजूरी

इस बीच, महाराष्ट्र सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन को मंजूरी दे दी है। साथ ही वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद उज्ज्वल निकम को इस मामले का विशेष लोक अभियोजक नियुक्त किया गया है। यह फैसला पीड़ित के पिता विशाल अग्रवाल द्वारा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर त्वरित न्याय की मांग करने के बाद लिया गया।

आरोपियों के लिए मृत्युदंड की मांग

विशाल अग्रवाल ने आरोपियों के लिए मृत्युदंड की मांग करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने उन्हें निष्पक्ष और तेज सुनवाई का भरोसा दिया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन भी किया जा चुका है। साथ ही उन्होंने अपने बेटे की मौत से जुड़ी परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि मामूली व्यक्तिगत बातों को हत्या का कारण नहीं बनाया जा सकता।

मामले ने पूरे देश को झकझोर दिया

वहीं, वरिष्ठ अधिवक्ता उज्ज्वल निकम ने बताया कि मुख्यमंत्री के अनुरोध पर उन्होंने विशेष लोक अभियोजक की जिम्मेदारी स्वीकार की है। उनके अनुसार यह मामला पूरे देश को झकझोर देने वाला है और राज्य सरकार इसे पूरी गंभीरता के साथ आगे बढ़ा रही है। (एएनआई)

यह भी पढ़ेंः अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर दो ट्रेलरों की भीषण भिड़ंत, एक चालक की दर्दनाक मौत