झालावाड़ में ऑपरेशन क्लीन राइड के तहत अवैध वसूली गिरोह का खुलासा, मुख्य आरोपी आरिफ अहमद गिरफ्तार
झालावाड़ (राजस्थान)। पुलिस के "ऑपरेशन क्लीन राइड" के तहत रोडवेज कर्मचारियों को धमकाकर अवैध वसूली करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए झालावाड़ पुलिस ने गिरोह के मुख्य सदस्य आरिफ अहमद कुरैशी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को गिरोह सरगना का सबसे करीबी सहयोगी बताया जा रहा है।
गोपनीय शिकायत के बाद पुलिस की जांच तेज
एसपी अमित कुमार ने बताया कि रोडवेज बस परिचालकों से डर और दबाव बनाकर अवैध वसूली करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ गोपनीय शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और रोडवेज कर्मचारियों के बयान जुटाए गए।
गिरोह रोडवेज परिचालकों से प्रतिदिन करते थे अवैध वसूली
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य रोडवेज परिचालकों से प्रतिदिन 50 से 200 रुपये तक की अवैध वसूली करते थे। विरोध करने वाले कर्मचारियों को नौकरी खराब कराने, झूठे मुकदमे में फंसाने और मारपीट की धमकी दी जाती थी। इससे रोडवेज को भारी आर्थिक नुकसान पहुंच रहा था।
पुलिस दबाव के चलते आरिफ अहमद का न्यायालय में आत्मसमर्पण
इस मामले में पुलिस पहले ही 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। कार्रवाई के दौरान आरिफ अहमद फरार हो गया था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी। आखिरकार पुलिस दबाव के चलते उसने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस मामले में आगे की कर रही जांच
गिरफ्तार आरोपी आरिफ अहमद कुरैशी पुत्र अनवर अहमद, निवासी मांगलपुरा, थाना कोतवाली, झालावाड़ का रहने वाला है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ेंः दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की जीप को रॉन्ग साइड से आ रही कार ने मारी टक्कर, युवक की मौत व कई घायल