मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर, खजुराहो में 46.8 डिग्री पहुंचा पारा
भोपाल (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप है। गर्मी के कारण लोग घरों से निकलते समय अपने चेहरे और मुंह को कपड़ों से बांधकर निकल रहे हैं। इस सीजन में पहली बार सोमवार को पूरा मध्य प्रदेश भीषण तपिश की चपेट में आ गया।
खजुराहो में गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड
छतरपुर जिले के खजुराहो में पारा रिकॉर्ड 46.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के पास उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, यह अब तक का दूसरा सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया है। इससे पहले खजुराहो में 29 अप्रैल 1993 को अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
प्रदेश के 22 शहरों में मचा हाहाकार
प्रदेश के 22 शहरों में इस सीजन में पहली बार तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। उज्जैन में भी भीषण गर्मी देखी जा रही है। यहां तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसके साथ राजधानी भोपाल में गर्मी का रौद्र रूप देखने को मिला। यहां तापमान से सड़कों पर बिछा डामर (कोलतार) तक पिघलने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं और लू (Heat Wave) का प्रकोप जारी रह सकता है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/drones-to-drop-seed-balls-to-stop-thar-desert-expansion-in-rajasthan/206224