अमेठी दौरे पर सांसद किशोरी लाल शर्मा, राम मंदिर चंदा मामले में सिटिंग जज से जांच की मांग
अमेठी {उत्तर प्रदेश} : सांसद किशोरी लाल शर्मा सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गौरीगंज स्थित कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राम मंदिर चंदा चोरी मामले और पेपर लीक को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
सिटिंग जज की अध्यक्षता में जांच की मांग
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सांसद ने राम मंदिर चंदा चोरी मामले की जांच किसी सिटिंग जज की अध्यक्षता में कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच समिति का दायरा व्यापक होना चाहिए, ताकि वह किसी से भी पूछताछ कर सके। तभी यह माना जाएगा कि सरकार आरोपियों तक पहुंचना चाहती है।
पेपर लीक पर सरकार को घेरा
सांसद शर्मा ने कहा कि हाल ही में आयोजित नीट परीक्षा में 22 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए थे, लेकिन बड़े पैमाने पर प्रश्नपत्र लीक होने की खबरें सामने आईं। उन्होंने कहा कि बढ़ते जनदबाव के बाद केंद्र सरकार को परीक्षा रद्द कर दोबारा आयोजित करने का फैसला लेना पड़ा।
भर्ती परीक्षाओं का भी किया जिक्र
उन्होंने कहा कि नीट के अलावा सीबीएसई की उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन में गड़बड़ियों तथा उत्तर प्रदेश की लेखपाल भर्ती, यूपी एसआई भर्ती, पुलिस सिपाही भर्ती, आरओ-एआरओ, एसएससी जीडी और सहायक प्रोफेसर भर्ती सहित कई प्रतियोगी परीक्षाएं भी पेपर लीक से प्रभावित हुई हैं।
युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप
सांसद ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में लगातार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इस मुद्दे को लगातार उठाया और सड़कों पर संघर्ष किया, जिसके बाद सरकार को नीट परीक्षा दोबारा कराने का निर्णय लेना पड़ा।
छात्रों की मौत का किया जिक्र
किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि नीट पेपर लीक से उत्पन्न मानसिक तनाव के कारण देश के विभिन्न राज्यों में अब तक 12 छात्र-छात्राओं की मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि "सरकार-प्रेरित मृत्यु" मानती है। इस दौरान उन्होंने विभिन्न राज्यों के उन छात्रों के नामों का भी उल्लेख किया, जिनकी मौत का जिक्र पार्टी कर रही है।
यह भी पढ़े: CBSE ने जारी किए नई तीन-भाषा नीति के दिशा-निर्देश, कक्षा 6 से होगा लागू