कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल भगदड़: 19 लोगों की मौत के बाद अस्पताल में घायलों से मिले गृह मंत्री अमित शाह
कोलकाता (पश्चिम बंगाल)। उत्तरी कोलकाता के चोरबागन सार्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में रविवार को हुई भीषण भगदड़ में 19 लोगों की जान चली गई। इस दुखद हादसे के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अपोलो अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।
'बेहद दुखद' हादसा और शाह का दौरा
घटना के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "मुझे अभी-अभी चोरबागन सार्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ में कई लोगों की जान जाने की बेहद दुखद खबर मिली है। मैंने इस मामले पर मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से बात की है।"
गृह मंत्री ने आगे कहा कि प्रशासन पीड़ितों को बेहतरीन चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने पर पूरी तरह फोकस कर रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने अपने आगामी सभी पूर्व-निर्धारित कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया है और घायलों का हाल जानने सीधे अस्पताल पहुंचे।
कोलकाता में तीन दिनों के लिए निषेधाज्ञा लागू
इस भयावह त्रासदी के बाद शहर में संभावित तनाव और प्रदर्शनों को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए गए हैं। कोलकाता पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 163 के तहत शहर के कई हिस्सों में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। यह प्रतिबंध 18 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा।
कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय नंद द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, बोबाजार पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र (कॉलेज स्ट्रीट, सेंट्रल एवेन्यू, कोलोटोला स्ट्रीट और ईडन हॉस्पिटल रोड से घिरे इलाके) में यह पाबंदियां लगाई गई हैं। इस दौरान पांच या उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने, लाठी या किसी भी घातक हथियार को लेकर चलने तथा सार्वजनिक शांति में खलल डालने वाली गतिविधियों पर पूरी तरह रोक रहेगी। (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: कोलकाता भगदड़: चोरबागन पूजा समिति के सचिव और उपाध्यक्ष समेत 7 गिरफ्तार, 25 लाख मुआवजे का ऐलान