छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में घर में सो रहे 3 साल के

कोरबा में करैत सांप के काटने से 3 साल के बच्चे की मौत, अंधेरे में हुआ गायब

Common Krait Bite 3 Year Old Child (File Photo)

कोरबा: छत्तीसगढ़ में कटघोरा पुरानी बस्ती के खालेपारा में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां रात में घर के अंदर सो रहे 3 साल के मासूम बच्चे की जहरीले करैत सांप के काटने से मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, कटघोरा मुख्य बाजार में खरीद-बिक्री का काम करने वाले विजय राज के 3 साल के बेटे वाशु राज को बीती रात करैत सांप ने डस लिया। 

अंधेरे में ही गायब हो गया सांप

वाशु रात में अपने घर के पूजा रूम में अपनी दादी और बहन के साथ सो रहा था। वह बिस्तर के बीच में सोया हुआ था, तभी रात में अचानक एक जहरीला करैत सांप कमरे में घुस आया और बच्चे को काट लिया। सांप के काटते ही बच्चा दर्द से चिल्लाने लगा। बच्चे की आवाज सुनकर दादी ने जब बिस्तर पर देखा, तो वहां एक बड़ा करैत सांप मौजूद था। इसके बाद सांप तुरंत अंधेरे में कहीं गायब हो गया। परिजनों ने तत्काल स्नेक रेस्क्यू टीम को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने काफी देर तक छानबीन की, लेकिन सांप का कोई सुराग नहीं मिल सका।

शरीर में जहर फैलने के कारण बच्चे की हुई मौत ​ घटना के तुरंत बाद परिजन मासूम वाशु को गंभीर हालत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल के लिए रैफर कर दिया। हालांकि, जहर शरीर में फैल जाने के कारण जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। ​विजय राज के दो बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) थे, जिनमें से इस दर्दनाक हादसे में उनके इकलौते बेटे की जान चली गई। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।  

ये भी पढे़ं- महिलाओं से अभद्र टिप्पणी करना पड़ा भारी, ऑपरेशन मजनू के तहत इटावा पुलिस ने मनचले को किया गिरफ्तार