कोरबा के छुरी स्थित एकलव्य विद्यालय के छात्रों ने

मूलभूत सुविधाओं को तरसे छात्र, सड़क पर उतरे एकलव्य स्कूल के बच्चे

Korba Eklavya School Students Protest

कोरबा: छत्तीसगढ़ में छुरी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी मांगों और अव्यवस्थाओं को लेकर कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग जाम कर दिया था। इस दौरान उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई थी कि उनकी स्कूल की मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान दिया जाए। छात्रों के प्रदर्शन के बाद आखिरकार प्रशासन ने उन्हें लिखित रूप से आश्वासन दे दिया है, जिसके बाद अब चक्काजाम समाप्त हो गया है। लगभग 4 घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं।

एक महीने के भीतर तीसरा आंदोलन

जिला प्रशासन की अनदेखी और विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं के अभाव से नाराज छात्रों का एक महीने के भीतर यह तीसरा आंदोलन था। इससे पहले छात्रों ने क्षेत्रीय विधायक का घेराव किया था और फिर सड़क पर उतरकर विरोध जताया था। सोमवार को फिर से पढ़ाई छोड़कर बड़ी संख्या में बच्चे छुरी पंचायत के सामने मुख्य मार्ग पर बैठ गए।

​हॉस्टल अधीक्षक की कार्यशैली से भी परेशान हैं छात्र

आंदोलनरत छात्रों का सीधा आरोप है कि विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अरशद अहमद अली पर कई गंभीर आरोप हैं, साथ ही हॉस्टल अधीक्षक की कार्यशैली से भी छात्र परेशान हैं। छात्रों ने बताया कि बार-बार आंदोलन करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही थी। इसके अलावा हॉस्टल में पेयजल, भोजन और शैक्षणिक सुविधाओं का भारी अभाव है।

मौके पर पहुंचे ये लोग

चक्काजाम की खबर मिलते ही कटघोरा एसडीएम तुलाराम भारद्वाज, अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर, सहायक आयुक्त और थाना प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। लगातार हो रहे प्रदर्शनों को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासनिक हीलाहवाली पर आक्रोश जताया था। अधिकारियों ने छात्रों से सीधी बातचीत कर उनकी शिकायतों पर निष्पक्ष जांच का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद ही छात्र अनुशासित होकर वापस स्कूल लौटे।

नियमानुसार की जा रही आवश्यक जांच व कार्रवाई 

इस मामले में जानकारी देते हुए कटघोरा एसडीएम तुलाराम भारद्वाज ने कहा- एकलव्य विद्यालय के बच्चे सड़क पर बैठ गए थे। अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद वे स्कूल लौट चुके हैं। उनकी शिकायतों को सुनने के बाद नियमानुसार, आवश्यक जांच व कार्रवाई की जा रही है। पेयजल की समस्या के स्थायी समाधान के लिए पाइपलाइन बिछाने का काम जारी है।   

ये भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट का बड़ा कदम, विरोध स्थलों पर फेस रिकग्निशन और बायोमेट्रिक निगरानी के खिलाफ याचिका पर सुनवाई को तैयार