कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे-130 पर गुरसियां के पा

कोरबा में पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकर में लगी भीषण आग, इलाका खाली

Korba: Massive fire breaks out in petrol-diesel tanker, area evacuated

कोरबा {छत्तीसगढ}। कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे-130 पर गुरसियां के पास आज एक बड़ा हादसा होते-होते बचा, जब पेट्रोल और डीजल से लदे एक टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही पलों में पूरा टैंकर आग के आगोश में आ गया। टैंकर में भारी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।

टैंकर में 10 हजार लीटर ईंधन लदा था

प्राप्त जानकारी के अनुसार, टैंकर में लगभग 2 हजार लीटर पेट्रोल और 8 हजार लीटर डीजल लोड था। टैंकर कोरबा से ईंधन लेकर वाड्राफनगर की ओर जा रहा था। टैंकर में कभी भी बड़ा विस्फोट होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन और पुलिस द्वारा एहतियातन आसपास के रिहायशी इलाकों को खाली कराया जा रहा है।

गाड़ी स्टार्ट करते ही भड़की आग

बताया जा रहा है कि चालक और परिचालक गुरसियां के पास एक ढाबे में खाना खाने के लिए रुके थे। खाना खाने के बाद चालक ने जैसे ही पार्किंग से गाड़ी स्टार्ट की, इंजन के पास से अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। स्थिति को भांपते हुए चालक और परिचालक ने तुरंत टैंकर से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई।

हाईवे पर दोनों तरफ से रोका गया यातायात

घटना की सूचना मिलते ही बांगो थाना पुलिस और यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। सुरक्षा के मद्देनजर हाईवे पर दोनों तरफ से आवागमन को रोक दिया गया है, जिससे नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। दमकल विभाग को सूचित कर दिया गया है और आग पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़: बहराइच में घर में दुपट्टे के सहारे लटकी मिली विवाहिता, मौत से मचा हड़कंप