कोरबा में भीषण सड़क हादसा, अर्टिगा और बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत
कोरबा (छत्तीसगढ़)। पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत चैताम स्थित चेतन डिस्पोजल फैक्ट्री के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित अर्टिगा कार और बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है।
तीन युवक एक ही बाइक पर सवार थे, टक्कर में बाइक के उड़े परखच्चे
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी चैतमा डिस्पोजल फैक्ट्री के पास सामने से आ रही अर्टिगा कार से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो युवकों की इलाज के दौरान मौत, तीसरा जिला अस्पताल रेफर
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। तीसरे युवक की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उसे प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
यह भी पढ़े: जसवंतनगर में ट्रेन की चपेट में आने से किसान की मौत, खेत की सिंचाई के लिए निकले थे घर से