कोरबा में हसदेव डेम से 30 वर्षीय युवती का शव बरामद, सोमवार से थी लापता; पुलिस जांच में जुटी
कोरबा (छत्तीसगढ़)। ऊर्जाधानी कोरबा के दर्री थाना क्षेत्र के अंतर्गत हसदेव बराज (डेम) से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां नीलगिरि सिंचाई कॉलोनी की रहने वाली 30 वर्षीय युवती का शव मंगलवार सुबह डेम के पानी में तैरता हुआ मिला। शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई।
सोमवार सुबह से लापता थी युवती
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान नंदनी मेहर (30 वर्ष), पिता नरेश मेहर, निवासी नीलगिरि सिंचाई कॉलोनी, दर्री थाना के पीछे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नंदनी सोमवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकली थी और उसके बाद से लापता थी। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी सहेलियों और आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
मछुआरों की नजर शव पर पड़ी
मंगलवार सुबह जब कुछ मछुआरे दर्री डेम की ओर गए तो उन्होंने पानी में एक युवती का शव तैरता देखा। इसकी सूचना तत्काल दर्री थाना पुलिस को दी गई। डेम में शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान नंदनी मेहर के रूप में हुई।
ब्यूटी पार्लर में सीख रही थी काम
परिजनों के अनुसार, नंदनी ब्यूटी पार्लर में काम सीखने के लिए जाया करती थी। सोमवार को उसके घर नहीं लौटने पर परिवार चिंतित हो गया था। मंगलवार सुबह उन्हें डेम में शव मिलने की सूचना मिली। प्रारंभिक आशंका है कि युवती ने करीब 30 फीट ऊंचाई से डेम में छलांग लगाई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर दर्री पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। युवती ने यह कदम कब, कैसे और किन परिस्थितियों में उठाया, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
यह भी पढ़े: मथुरा सराफा बाजार में सोना-चांदी स्थिर, गिरावट के बाद खरीदारी बढ़ी