कोटा ग्रामीण पुलिस ने 69 मामलों में जब्त 4968 किलो

कोटा में 11.44 करोड़ रुपये के जब्त मादक पदार्थ नष्ट, 4968 किलो से ज्यादा ड्रग्स का निस्तारण

Kota Police Destroys Drugs Worth Rs 11.44 Crore, Over 4,968 Kg Seized

कोटा (राजस्थान)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के तहत कोटा ग्रामीण पुलिस ने बड़ी मात्रा में जब्त अवैध मादक पदार्थों का निस्तारण किया। जिले के 16 पुलिस थानों में दर्ज 69 प्रकरणों में जब्त गांजा, डोडा चूरा और स्मैक को न्यायालय से भौतिक सत्यापन एवं निर्णय के बाद शुक्रवार को मंगलम फैक्ट्री, मोडक के बॉयलर में जलाकर नष्ट किया गया।

11.44 करोड़ की कीमत का गांजा, डोडा चूरा और स्मैक नष्ट

पुलिस के अनुसार, कुल 4968 किलो 493 ग्राम मादक पदार्थ नष्ट किया गया। इसमें 854 किलो 292 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 27 लाख 14 हजार 600 रुपए, 4113 किलो 701 ग्राम डोडा चूरा, जिसकी अनुमानित कीमत 6 करोड़ 17 लाख 5 हजार 515 रुपए, तथा 500 ग्राम स्मैक, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ रुपए बताई गई है। नष्ट किए गए मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत करीब 11 करोड़ 44 लाख 20 हजार 115 रुपए है।

मालखानों को व्यवस्थित रखने के लिए शुरू की गई निस्तारण प्रक्रिया

पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त मादक पदार्थों और वाहनों के कारण पुलिस थानों के मालखाने भरे हुए हैं। माल निस्तारण एवं थानों को व्यवस्थित रखने के उद्देश्य से अपराध शाखा द्वारा संबंधित थानाधिकारियों से प्रस्ताव प्राप्त कर रिकॉर्ड तैयार किया गया था।

वजन से लेकर नष्टीकरण तक पूरी प्रक्रिया की कराई गई वीडियोग्राफी

निस्तारण की कार्रवाई से पहले आवश्यक रिकॉर्ड का मिलान किया गया और मादक पदार्थों का वजन कराया गया। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए वजन से लेकर नष्टीकरण तक की कार्रवाई की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई। 

पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में हुई नष्टीकरण की कार्रवाई

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा, जीएमएस मोडक एस.के. शर्मा, कमाण्डेन्ट आर.के. पाण्डेय, सीए कार्यालय के रवीन्द्र कविया सहित संबंधित कार्यालय के कार्मिक मौजूद रहे। कोटा ग्रामीण पुलिस ने कहा कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम और जब्त मादक पदार्थों के नियमानुसार निस्तारण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। 

यह भी पढ़े:   औरंगाबाद के पुलिस का ताबड़तोड़ अभियान में 94 आरोपी गिरफ्तार, 27.70 लीटर शराब बरामद