कोटा RTU हॉस्टल में छात्र की मौत, सांप काटने का आरोप; प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस का लाठीचार्ज
कोटा: कोटा में राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय (RTU) के हॉस्टल में फर्स्ट ईयर के स्टूडेंट की मौत हो गई। साथी छात्रों का आरोप है कि सांप के काटने से छात्र बेहोश हो गया था। उसे समय पर हॉस्पिटल नहीं ले जाया गया, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। स्टूडेंट की मौत के बाद गुस्साए छात्रों ने यूनिवर्सिटी का मेन गेट बंद कर दिया और चीफ वार्डन को हटाने, मृतक छात्र के परिजनों को मुआवजा देने सहित अन्य मांगों को लेकर धरने पर बैठ गए।
छात्रों ने चीफ वार्डन को हटाने की मांग की
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और RTU प्रशासन ने कई बार छात्रों से बात की, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। छात्रों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और हॉस्टल की व्यवस्थाओं को लेकर कार्रवाई करने सहित कई मांगें रखीं।
धरना खत्म कराने के दौरान पुलिस से हुई बहस
इसके बाद शाम करीब 5 बजे धरना खत्म करने की बात को लेकर प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिस के बीच गहमा-गहमी हो गई। पुलिस ने लाठीचार्ज कर धरने पर बैठे छात्रों को खदेड़ दिया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने आरोप लगाया कि पुलिस के लाठीचार्ज में कुछ स्टूडेंट्स को चोट आई हैं, जो इलाज के लिए हॉस्पिटल गए हैं।
जयपुर का रहने वाला था मृतक छात्र
मृतक स्टूडेंट अक्षित शर्मा (19) जयपुर के झोटवाड़ा का रहने वाला था। अक्षित IT ब्रांच में फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट था। इसी सेशन में कॉलेज में एडमिशन लिया था। अक्षित के पिता आर्मी में हैं। साथी छात्रों ने बताया कि अक्षित RTU में भास्कर भवन H-4 हॉस्टल के रूम नंबर 61 में रहता था।
ये भी पढ़ें: रीवा में 13 वर्षीय बच्चे की हत्या का खुलासा, मामूली विवाद में 14 वर्षीय दोस्त पर हत्या का आरोप