मिलावटी घी की शिकायत पर खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, कृष्णा ब्रांड का करीब 550 किलो घी किया गया बरामद
मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना में शुद्ध घी के नाम पर मिलावटी और असुरक्षित घी की बिक्री की शिकायतों के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी अवनीश गुप्ता की टीम ने तेलीपाड़ा स्थित मोदी इंटरप्राइजेज पर छापेमारी कार्रवाई की।
कृष्णा ब्रांड का करीब 550 किलो घी किया गया बरामद
कार्रवाई के दौरान दुकान से कृष्णा ब्रांड का करीब 550 किलो घी बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 3 लाख 35 हजार रुपये बताई गई है। टीम ने घी के तीन सैंपल जांच के लिए भोपाल प्रयोगशाला भेजे हैं और पूरी खेप को जब्त कर अलग रखवा दिया गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग के मुताबिक, कृष्णा ब्रांड घी के सैंपल पहले भी जांच में अनसेफ पाए गए थे। इसी आधार पर टीम ने दोबारा कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में घी जब्त किया।
विभाग की जांच में कृष्णा घी के सभी स्टैंडर्ड फेल पाए जाने की बात आई सामने
अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अगर व्यापारी द्वारा जांच रिपोर्ट आने से पहले जब्त घी को खुर्द-बुर्द करने का प्रयास किया गया तो उसके खिलाफ 3.35 लाख रुपये की वसूली की जा सकती है। वहीं, विभाग की जांच में कृष्णा घी के सभी स्टैंडर्ड फेल पाए जाने की बात सामने आई है। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि संदिग्ध या बिना मानक वाले घी की खरीदारी न करें और मिलावटी खाद्य पदार्थों की सूचना संबंधित विभाग को दें।
ये भी पढ़ें- रांची में JPSC-JSSC परीक्षा गड़बड़ी के खिलाफ JLKM विधायक जयराम महतो की भूख हड़ताल, CBI जांच की मांग