UP-Japan Investment Meet 2026 में कुबोटा और स्पार्

कुबोटा और स्पार्क मिंडा ने यूपी को बताया निवेश का उभरता केंद्र

Kubota and Spark Minda Highlight UP as a Rising Investment Hub

नई दिल्ली। यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट-2026 के उद्घाटन एवं दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में जापान और भारत के प्रमुख उद्योग समूहों ने उत्तर प्रदेश को निवेश, मैन्युफैक्चरिंग और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से उभरता केंद्र बताया। कुबोटा कॉरपोरेशन जापान और स्पार्क मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रदेश में अपने निवेश और भविष्य की संभावनाओं को साझा किया। दोनों उद्योगपतियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने इंफ्रास्ट्रक्चर, कुशल मानव संसाधन, बड़े बाजार और निवेश-अनुकूल नीतियों को औद्योगिक विस्तार के लिए महत्वपूर्ण आधार बताया।

कुबोटा ने यूपी में निवेश को बताया दीर्घकालिक विश्वास का प्रतीक

समारोह में कुबोटा कॉरपोरेशन जापान के प्रेसिडेंट एवं सीईओ शिंगो हानाडा ने नई मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी की ग्राउंड ब्रेकिंग को कंपनी के लिए महत्वपूर्ण माइलस्टोन बताया। उन्होंने कहा कि इससे उत्तर प्रदेश में कुबोटा की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता और साझेदारी को नया विस्तार मिल रहा है। हानाडा ने भारत सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार, इन्वेस्ट यूपी और सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए उत्तर प्रदेश को तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक केंद्रों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि यूपी में कुबोटा का निवेश प्रदेश की क्षमता में कंपनी के दीर्घकालिक विश्वास को दर्शाता है।

135 साल से लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के मिशन पर कुबोटा

कुबोटा के सीईओ ने कहा कि 135 वर्षों से अधिक समय से कंपनी लोगों के जीवन को बेहतर बनाने और समाज में योगदान देने के उद्देश्य से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कंपनी की फिलॉसफी के अनुरूप बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए लोगों के हित में काम जारी रहेगा। भारत में कुबोटा की यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मजबूत साझेदारियों के कारण देश में कंपनी की मौजूदगी लगातार सुदृढ़ हुई है। उन्होंने नंदा परिवार और उनकी संस्था का विशेष उल्लेख करते हुए कृषि के मशीनीकरण में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि कुबोटा और भारतीय साझेदारों की साझा महत्वाकांक्षा भविष्य के लिए मजबूत एक्सपोर्ट बेस तैयार करना है।

स्पार्क मिंडा की यूपी में 40 वर्षों से अधिक की मौजूदगी

समारोह में मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर आकाश मिंडा ने उत्तर प्रदेश में कंपनी की मौजूदगी और भविष्य की योजनाओं पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज संभावनाओं और नए अवसरों वाला प्रदेश है। उनके मुताबिक, राज्य उद्योग और निवेश को प्राथमिकता देने वाला क्षेत्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सिर्फ इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण नहीं कर रहा, बल्कि निवेशकों और उद्योग जगत के बीच इन्वेस्टर कॉन्फिडेंस और इंडस्ट्रियल कॉन्फिडेंस भी तैयार कर रहा है। उन्होंने प्रदेश में कंपनी के विस्तार की प्रतिबद्धता भी जताई।

एक्सप्रेसवे और कॉरिडोर से बदला औद्योगिक परिदृश्य

आकाश मिंडा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में औद्योगिकीकरण के लिए मजबूत फाउंडेशन तैयार हुआ है। प्रदेश में एक्सप्रेसवे, फ्रेट कॉरिडोर, इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और वर्ल्ड क्लास लॉजिस्टिक इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार हुआ है। इसके साथ इंडस्ट्रियल पार्क, स्किल्ड मैनपावर और स्मार्ट टाउनशिप जैसी सुविधाएं भी विकसित हुई हैं। उन्होंने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। मिंडा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कई ऐसी योजनाएं और परियोजनाएं हकीकत बनी हैं, जो पहले केवल परिकल्पना थीं।

उत्तर प्रदेश में 9 हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार

आकाश मिंडा ने बताया कि स्पार्क मिंडा ग्रुप ऑटोमोटिव मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में काम करता है। कंपनी की उत्तर प्रदेश में 40 वर्षों से अधिक समय से मौजूदगी है। वर्तमान में प्रदेश में कंपनी की गतिविधियों से 9,000 से अधिक लोगों को रोजगार दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश स्पार्क मिंडा के लिए बेहद महत्वपूर्ण राज्य है। कंपनी यहां अपनी मौजूदगी को बड़े स्तर पर विस्तार देने के लिए प्रतिबद्ध है। भविष्य में कंपनी की योजनाओं के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ाने पर जोर रहेगा।

एडवांस टेक्नोलॉजी से ईवी और इलेक्ट्रॉनिक्स तक बढ़ेगा निवेश

आकाश मिंडा ने बताया कि कंपनी उत्तर प्रदेश में एडवांस टेक्नोलॉजी, मोटर पार्ट्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल प्रोडक्ट्स और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने की तैयारी कर रही है। कंपनी डिजाइन एवं डेवलपमेंट सेंटर के क्षेत्र में भी विस्तार करना चाहती है। इसके साथ डीपर लोकलाइजेशन और बैकवर्ड इंटीग्रेशन की दिशा में भी आगे बढ़ने की योजना है। उन्होंने कहा कि इसके लिए जापानी कंपनियों के साथ साझेदारी काफी महत्वपूर्ण है। निवेश विस्तार के साथ कंपनी प्रदेश में करीब 6,000 से 8,000 अतिरिक्त लोगों को रोजगार देने की दिशा में काम करना चाहती है।

जापान की तकनीक और यूपी की क्षमता का संयोजन बनेगा ताकत

स्पार्क मिंडा के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ने जापान और दुनिया भर के उद्योगों से उत्तर प्रदेश में निवेश के अवसरों पर विचार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जापान वर्ल्ड क्लास टेक्नोलॉजी, ग्लोबल क्वालिटी और प्रिसिजन मैन्युफैक्चरिंग की ताकत लेकर आता है। वहीं उत्तर प्रदेश स्केल, टैलेंट, इंफ्रास्ट्रक्चर, पॉलिसी सपोर्ट और बड़ा बाजार उपलब्ध कराता है। उन्होंने बिजनेस फ्रेंडली एनवायरनमेंट को भी राज्य की ताकत बताया। उनके अनुसार, इन सभी क्षमताओं का संयोजन उत्तर प्रदेश को वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग का महत्वपूर्ण केंद्र बनाने में मदद कर सकता है।

कारोबार के साथ रोजगार और विकसित भारत में योगदान का लक्ष्य

आकाश मिंडा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश का उद्देश्य केवल बिजनेस ग्रोथ तक सीमित नहीं होना चाहिए। इसके साथ अधिक से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि कंपनी प्रदेश में अपनी औद्योगिक उपस्थिति का विस्तार करने के साथ रोजगार सृजन और विकसित भारत के सपने को साकार करने में योगदान देना चाहती है। उन्होंने उद्योग जगत से उत्तर प्रदेश में उपलब्ध अवसरों को पहचानने और बड़े स्तर पर निवेश की संभावनाओं का लाभ उठाने की अपील की। मिंडा ने उत्तर प्रदेश में और बड़े स्तर पर निवेश करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

यह भी पढ़े:   यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट में अश्विनी वैष्णव का निवेशकों को संदेश, भारत और उत्तर प्रदेश में निवेश करें