मुरैना में कुंवारी नहर का बढ़ा जलस्तर, झरना के पुरा गांव में बने बाढ़ जैसे हालात
मुरैना: अंबाह कुंवारी नहर में लगातार बढ़ रहे जलस्तर के चलते अंबाह क्षेत्र के झरना के पुरा गांव में बाढ़ जैसे हालात बन गए। गांव चारों ओर से पानी से घिर गया, जिससे कई ग्रामीण गांव में ही फंस गए। ग्रामीणों के पानी में घिरे होने की सूचना मिलते ही मंगलवार सुबह प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
गांव में फंसे ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू
बढ़ते जलस्तर और चुनौतीपूर्ण हालात के बीच अंबाह तहसीलदार नरेश शर्मा और नायब तहसीलदार स्वयं नाव में सवार होकर गांव पहुंचे। एसडीआरएफ टीम के साथ अधिकारियों ने गांव में फंसे ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की। रेस्क्यू अभियान के दौरान 40 से अधिक ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
कुंवारी नहर का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन अलर्ट
प्रशासन की टीम ने गांव में मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी। वहीं, कुंवारी नहर के जलस्तर और आसपास के डूब प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मौके पर सक्रिय हैं।
ये भी पढ़ें- बांदा रेलवे स्टेशन पर टिकट दलालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, कई हिरासत में