गाजीपुर: पेड़ कटाई के दौरान बड़ा हादसा, बाउंड्री से लगा यूकेलिप्टस का पेड़ गिरने से मजदूर गंभीर रूप से घायल
गाजीपुर (उत्तर प्रदेश)। सदर कोतवाली क्षेत्र में रात के अंधेरे में पेड़ कटाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। विकास भवन चौराहे के पास आरटीआई कार्यालय की बाउंड्री से लगे करीब 50 फीट लंबे भारी-भरकम यूकेलिप्टस के पेड़ की कटाई के दौरान पेड़ अचानक मजदूर के ऊपर जा गिरा। बताया जा रहा है कि पेड़ के नीचे करीब 45 वर्षीय मजदूर भीम बिंद दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
क्रेन की मदद से मजदूर को पेड़ के नीचे से निकाला
मजदूर को बचाने के लिए आसपास के सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए और पेड़ को हटाने का प्रयास किया, लेकिन भारी-भरकम पेड़ को लोग मिलकर भी हिला नहीं सके। मजदूर जिंदगी और मौत के बीच पेड़ के नीचे फंसा रहा। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम सदर विनोद जोशी के नेतृत्व में गोरा बाजार चौकी प्रभारी शिवाकांत मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल क्रेन की व्यवस्था कराई गई। क्रेन की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद मजदूर को पेड़ के नीचे से बाहर निकाला गया। इसके बाद चौकी प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने खुद अपने सहयोगियों के साथ घायल मजदूर को टेंपो में लादकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
यह भी पढ़ेंः मझोला क्षेत्र के मीना नगर में दुकान में घुसकर मारपीट और नकदी छीनने का मामला आया सामने