ग्लेशियर पिघलने से लाहौल-स्पीति के झालमा नाले में

ग्लेशियर पिघलने से लाहौल-स्पीति के झालमा नाले में अचानक आई बाढ़ः सड़क संपर्क टूटा

ग्लेशियर पिघलने से लाहौल-स्पीति के झालमा नाले में अचानक आई बाढ़

लाहौल-स्पीति,(हिमाचल प्रदेश)। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में सोमवार दोपहर झालमा नाले में अचानक पानी का बहाव तेज होने से बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। इस घटना के चलते सुदूर क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़क का एक हिस्सा बह गया और 50 से अधिक पर्यटक वाहन रास्ते में फंस गए।

ग्लेशियर पिघलने से आई बाढ़

अधिकारियों के अनुसार, इलाके में बारिश नहीं होने के बावजूद ग्लेशियर से पिघलकर आए पानी में अचानक बढ़ोतरी के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। लाहौल-स्पीति की पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने बताया कि तेज बहाव के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे कई वाहन वहीं फंस गए।

सड़क की मरम्मत का कार्य जारी

उन्होंने आगे बताया कि सड़क की मरम्मत का कार्य तेजी से जारी है और उम्मीद है, कि अगले कुछ घंटों में सड़क को फिर से चालू कर दिया जाएगा। जैसे ही रास्ता बहाल होगा, फंसे हुए सभी पर्यटकों को सुरक्षित निकाल लिया जाएगा। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) और स्थानीय प्रशासन मिलकर आपातकालीन मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि संपर्क बहाली को प्राथमिकता दी जा रही है और स्थिति जल्द सामान्य होने की उम्मीद है।

किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं

हालांकि इस अचानक आई बाढ़ जैसी स्थिति से यातायात बाधित हुआ है, लेकिन राहत की बात यह है, कि अब तक किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।(एएनआई)

यह भी पढ़ेंः अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण शुरू