अमरोहा में पर्यटन विकास की योजनाओं के लिए 337 लाख रुपये मंजूर
UP News : उत्तर प्रदेश के अमरोहा जनपद के प्राचीन मंदिरों को धर्म व आस्था के केन्द्र के साथ ही पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए राज्य के पर्यटन विभाग ने राज्य योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में मुरादाबाद मण्डल के अमरोहा जनपद के लिए 05 पर्यटन विकास की परियोजनाओं हेतु 460.26 लाख रूपये के प्रशासकीय स्वीकृत के सापेक्ष 337 लाख रूपये की धनराशि मंजूर की है।
उ0प्र0 के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने यह जानकारी आज एक मुलाकात में दी। उन्होंने बताया कि नौगावा सादात विधानसभा क्षेत्र में बाबा लालचंद मंदिर जकड़ी के पर्यटन विकास के लिए 50 लाख रूपये, धनौरा में प्राचीन शिवमंदिर धुने वाले बाबा स्थल का पर्यटन विकास के लिए 69 लाख रूपये, हसनपुर में स्थित प्रज्ञा बुद्ध विहार के पर्यटन विकास के लिए 50 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गयी है।
उन्होंने बताया कि अमरोहा के विकास खण्ड जोया के ग्राम डिडौली स्थित शिव मंदिर के लिए 63 लाख रूपये तथा हसनपुर जनपद अमरोहा स्थित चामुण्डा देवी मंदिर में बहुउद्देशीय हाल, प्रकाश व्यवस्था आदि के लिए 150 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गयी है। इन कार्यों को कराने के लिए यूपीएसटीडीसी को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। पर्यटन मंत्री ने कार्यदायी संस्था को सभी कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिये हैं।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/noida-violence-pakistan-link-exposed/175048