लखीसराय में खाद की अनियमित बिक्री और कालाबाजारी की

लखीसराय में खाद की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, 3 दुकानदारों के लाइसेंस निलंबित

Lakhisarai Cracks Down on Fertiliser Black Marketing, Licences of Three Dealers Suspended

लखीसराय (बिहार)। कृषि मंत्री के गृह जिले लखीसराय में खाद की कालाबाजारी और अनियमित बिक्री के खिलाफ कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय जांच और छापेमारी के दौरान उर्वरक बिक्री में गड़बड़ी पाए जाने पर बड़हिया और चानन प्रखंड के तीन उर्वरक दुकानदारों के लाइसेंस को निलंबित कर दिया गया है। वहीं छह अन्य दुकानों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है।

किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने के लिए लगातार निगरानी

बताया जाता है कि जिले में किसानों को निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने को लेकर कृषि विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में विभिन्न उर्वरक दुकानों की जांच की गई। जांच के दौरान बिक्री रजिस्टर, स्टॉक, किसानों को उपलब्ध करायी गयी खाद तथा निर्धारित मूल्य से संबंधित अभिलेखों की पड़ताल की गयी। इस दौरान कुछ दुकानों में अनियमितता सामने आने के बाद विभाग ने कार्रवाई शुरू की।

किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा

बड़हिया और चानन प्रखंड में तीन दुकानों का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। वहीं छह अन्य दुकानों के खिलाफ भी जांच प्रक्रिया पूरी कर नियमानुसार कार्रवाई की तैयारी चल रही है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि खाद की कालाबाजारी, अधिक कीमत वसूली, कृत्रिम कमी पैदा करने अथवा किसानों को निर्धारित मात्रा से कम खाद देने जैसी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा।

कार्रवाई के बाद खाद विक्रेताओं में हड़कंप

कृषि विभाग की कार्रवाई के बाद खाद विक्रेताओं में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने कहा कि किसानों को किसी भी परिस्थिति में निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। यदि किसी दुकानदार द्वारा खाद की कालाबाजारी या अनियमित बिक्री की जाती है तो उसके खिलाफ लाइसेंस निलंबन के साथ अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई

विभाग ने किसानों से भी अपील की है कि खाद खरीदते समय निर्धारित दर से अधिक राशि मांगे जाने या किसी प्रकार की अनियमितता होने पर संबंधित अधिकारियों को सूचना दें, ताकि दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जा सके। 

यह भी पढ़ेंः महेश बाबू के जन्मदिन पर ‘वाराणसी’ से रुद्र का फर्स्ट लुक जारी, छाया दमदार अंदाज