जमीन विवाद ने ली महिला की जान: ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या, पति गंभीर घायल
मैहर,(मध्य प्रदेश)। मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत खारा में शनिवार सुबह जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। खेत में काम कर रहे दंपती पर पड़ोसी परिवार ने हमला कर दिया। आरोप है कि विवाद के दौरान एक महिला को ट्रैक्टर से कुचल दिया गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पत्नी को बचाने पहुंचे पति पर भी हमला
वहीं, पत्नी को बचाने पहुंचे पति पर भी हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद आरोपी ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को सुदर्शन साकेत अपनी पत्नी अठमनिया साकेत (47 वर्ष) के साथ खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी महिपाल साकेत अपनी पत्नी सुभद्रा तथा दो बेटों के साथ वहां पहुंचा। दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से चले आ रहे जमीन के विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गई।
सुदर्शन साकेत का इलाज जारी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और हंसिए चलने लगे। इसी दौरान आरोप है, कि महिपाल साकेत के बेटे ने ट्रैक्टर स्टार्ट कर सीधे अठमनिया साकेत के ऊपर चढ़ा दिया। ट्रैक्टर के पहियों से कुचलने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पति सुदर्शन साकेत भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मैहर और रीवा से एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर खून के नमूने सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दोनों पक्षों में जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है, कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। वारदात के बाद से सभी आरोपी फरार हैं।
यह भी पढ़ेंः बेटियों की ट्रोलिंग पर भड़कीं खुशबू सुंदर, बोलीं- मां से पंगा मत लो