झालावाड़ में जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, कुल्हाड़ी से हमले में 3 लोग घायल
झालावाड़ { राजस्थान}: रायपुर थाना क्षेत्र के धामनिया गांव में जमीनी विवाद को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। विवाद के दौरान कुल्हाड़ी से हमला किए जाने का आरोप है, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से झालावाड़ अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कोटा रेफर कर दिया गया।
चाचा और चचेरे भाई पर हमले का आरोप
पुलिस के पर्चा बयान के अनुसार, घायल भोजराज ने बताया कि घटना के समय परिवार के सभी लोग घर पर खाना खा रहे थे। इसी दौरान उसके चाचा हेमराज और चचेरे भाई भोलाराम वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने उसके पिता और भाई पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
बीच-बचाव करने पहुंचे युवक से भी मारपीट
भोजराज के अनुसार, जब वह अपने परिजनों को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचा तो उसके साथ भी मारपीट की गई। इस घटना में कुल तीन लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हमले के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से झालावाड़ अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। चोटों की गंभीरता को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए कोटा रेफर कर दिया गया।
जमीन विवाद को बताया जा रहा वजह, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में विवाद का कारण जमीन से जुड़ा मामला बताया गया है। जमीन को लेकर चल रहे विवाद के दौरान कहासुनी बढ़ने के बाद मारपीट होने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना की पूरी परिस्थितियों और हमले में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने भोजराज के पर्चा बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
ये भी पढ़ें: दहेज हत्या मामले में बगहा कोर्ट का फैसला, सास-ससुर को 7-7 साल की सजा