मंदसौर में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, मारपीट में घायल व्यक्ति की मौत
मंदसौर,(मध्य प्रदेश)। जिले में जहां जमीन विवाद ने एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस दौरान एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जमीन के लिए एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच विवाद
पूरा मामला मंदसौर जिले के भावगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गुराड़िया लालमुंहा का है। जानकारी के मुताबिक गुरुवार रात करीब 8 बजे जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है, कि पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। लेकिन देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई।
विवाद के दौरान हुई मारपीट
विवाद के दौरान हुई मारपीट में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। परिजन और ग्रामीण तत्काल घायल को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। गंभीर हालत को देखते हुए घायल को जिला अस्पताल मंदसौर रेफर किया गया।
उपचार के दौरान घायल व्यक्ति की मौत
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल का उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर बनी रही। उपचार के दौरान घायल व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान सुरेश के रूप में बताई जा रही है। मौत की खबर सामने आते ही परिवार में मातम पसर गया।
पूरे मामले की जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही भावगढ़ थाना पुलिस सक्रिय हुई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़ी जानकारी जुटाने के साथ ही विवाद के कारणों और घटना में शामिल लोगों को लेकर पड़ताल शुरू कर दी है।
मौत के बाद गांव में तनाव का माहौल
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जमीन विवाद में शुरू हुआ पारिवारिक विवाद आखिर खूनी संघर्ष में कैसे बदला इसको लेकर पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। वहीं, एक व्यक्ति की मौत के बाद गांव में भी तनाव का माहौल बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ेंः नरसिंहपुर में CRPF वाहन को ट्राला ने मारी टक्कर, दो जवान गंभीर घायल