आबूरोड। शहर थाना क्षेत्र के मानपुर स्थित गोल्डन रे

आबूरोड के स्पा सेंटर में देर रात हंगामा, दो युवतियों ने पहली मंजिल से कूदकर बचाई जान;

आबूरोड के स्पा सेंटर में देर रात हंगामा, दो युवतियों ने पहली मंजिल से कूदकर बचाई जान

आबूरोड। शहर थाना क्षेत्र के मानपुर स्थित गोल्डन रेल्स स्पा सेंटर में गुरुवार देर रात मारपीट और हंगामे की घटना सामने आई है। मामले में दो युवतियों ने आरोप लगाया है कि उनसे अवैध कारोबार करवाने का दबाव बनाया जा रहा था तथा विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। जान बचाने के लिए दोनों युवतियों को पहली मंजिल स्थित कमरे से कूदना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, स्पा सेंटर के एक कमरे में दो युवतियों और एक युवक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर युवक द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप है। इससे घबराकर दोनों युवतियों ने पहली मंजिल से छलांग लगाकर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इसके बाद बाहर से कमरे की ओर पत्थरबाजी भी हुई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के  कुछ समय बाद कार में सवार कुछ लोग मौके से रवाना हो गए। घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हंगामे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग सड़क पर एकत्रित हो गए, मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर थाना अधिकारी हंरचद देवासी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पुलिस के दो जवान खिड़की के रास्ते पहली मंजिल तक पहुंचे, जहां एक युवक छिपा हुआ मिला। 

पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। युवक के पास से नीचे बंद कमरे की चाबी मिलने पर पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर आगे की कार्रवाई की और पुलिस ने कुछ मोबाइल बरामद कर युवक को थाने ले जाया गया। अलवर निवासी  पीड़िता ने शहर थाने में रिपोर्ट देकर आरोप लगाया है कि उसके साथ मारपीट की गई और अवैध गतिविधियों में शामिल होने का दबाव बनाया गया। युवती ने घटना का वीडियो भी अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर पुलिस को सौंपा है। पुलिस वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

शहर थाना अधिकारी ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी प्रकार की अवैध गतिविधि, अनियमित संचालन या कानून के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्तियों और स्पा सेंटर संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी क्षेत्र में संचालित कुछ स्पा सेंटरों को लेकर विवाद और मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे एक बार फिर ऐसे प्रतिष्ठानों की कार्यप्रणाली चर्चा का विषय बन गई है।

यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/delhi-govt-cracks-down-on-illegal-animal-slaughter/207144