उच्च न्यायालय की पीठ स्थापित करने की मांग को लेकर मेरठ में कार्य से विरत रहे वकील
मेरठ: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इलाहाबाद उच्च न्यायालय की पीठ स्थापित करने की मांग को लेकर वकीलों ने बुधवार को न्यायिक कार्य से विरत रहते हुए प्रदर्शन किया। वकीलों ने अदालत परिसर में जुलूस निकाला और अपनी मांग के समर्थन में नारेबाजी की।
22 जिलों के वकीलों के प्रदर्शन का दावा
मेरठ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और 'पश्चिमी उत्तर प्रदेश हाईकोर्ट बेंच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति' के अध्यक्ष अनुज शर्मा ने बताया कि सोमवार को मेरठ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ हुई वार्ता के बाद न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया गया था। शर्मा ने दावा किया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 22 जिलों के वकीलों ने बुधवार को न्यायिक कार्य से दूरी बनाए रखी और कई स्थानों पर प्रदर्शन किए गए।
मेरठ जिला बार एसोसिएशन ने नहीं दिया समर्थन
हालांकि, मेरठ जिला बार एसोसिएशन ने न्यायिक कार्य से विरत रहने के आह्वान का समर्थन नहीं किया। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रविंद्र कुमार सिंह ने कहा कि जिला बार एसोसिएशन से जुड़े वकीलों ने सामान्य रूप से अपना काम जारी रखा।
कई वर्षों से चल रहा है आंदोलन
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के वकील इस क्षेत्र में उच्च न्यायालय की अलग पीठ की स्थापना की मांग को लेकर कई वर्षों से आंदोलन कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: ट्रंप ने की शी जिनपिंग के स्वागत समारोह की सराहना