राजस्थान के दुमोदा गांव में पिंजरे में कैद हुवा लेपर्ड
सवाई माधोपुर (राजस्थान)। स्थित रणथंभौर टाईगर रिजर्व के पैराफ़ेरी इलाके से सटे गांवों के आबादी क्षेत्र में लगातार बढ़ते लेपर्ड के मूवमेंट को लेकर रणथंभौर वन प्रशासन द्वारा निरंतर निगरानी एंव रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में वन विभाग द्वारा दुमोदा गांव में लगाये गए पिंजरे में बीती रात एक ओर लेपर्ड कैद हो गया।
लेपर्ड को स्वास्थ्य जांच के बाद रणथंभौर में छोड़ा
जिसे स्वास्थ्य जांच के बाद रणथंभौर के दुरस्त इलाके के जंगलों में छोड़ दिया गया। गौरतलब है, कि पिछले माह इसी दुमोदा गांव में एक लेपर्ड के हमले में घर के आंगन में परिजनों के बीच खेल रहे एक तीन वर्षिय बालक की मौत हो गई थी। लेपर्ड के हमले में बालक की मौत की घटना के बाद वन विभाग द्वारा इलाके में लगातार निगरानी ओर रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है , बालक की मौत की घटना के बाद वन विभाग द्वारा दुमोदा से एक लेपर्ड ओर एक भालू को रेस्क्यू किया गया था और अब एक बार फिर एक लेपर्ड वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया।
इसी क्षेत्र से पहले भी एक लेपर्ड पकड़ा जा चुका
रणथंभौर के डीएफओ मानस सिंह ने बताया कि बालक की मौत की घटना के बाद से ही वन विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी एवं अथक प्रयास किए जा रहे थे। इससे पूर्व भी इसी क्षेत्र से एक लेपर्ड पकड़ा जा चुका था। हालांकि, क्षेत्र में एक अन्य लेपर्ड की मौजूदगी के प्रमाण लगातार मिल रहे थे। जिसे देखते हुवे वन विभाग द्वारा लेपर्ड की गतिविधियों के आधार पर निगरानी एवं रेस्क्यू प्रयास जारी रखे गए, जिसके परिणामस्वरूप बीती रात दूसरे लेपर्ड को भी सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर लिया गया।
कैमरा ट्रैप, केज ट्रैप एवं नियमित गश्त से वन्यजीवों पर नजर
डीएफओ ने बताया कि दुमोदा क्षेत्र में वन विभाग द्वारा लगातार कैमरा ट्रैप, केज ट्रैप एवं नियमित गश्त के माध्यम से वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा दिन-रात किए गए निरंतर प्रयासों से यह कार्रवाई सफल हुई। डीएफओ ने कहा कि इसी क्षेत्र में आबादी के आसपास बार-बार आ रहे एक स्लॉथ भालू (रीछ) को भी पूर्व में सुरक्षित रूप से रेस्क्यू किया गया था। आमजन की सुरक्षा एवं मानव-वन्यजीव संघर्ष की संभावनाओं को कम करने के उद्देश्य से भालू को भी सुरक्षित रूप से पकड़ा गया था।
वन्यजीवों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी
वन विभाग द्वारा दुमोदा एवं आसपास के क्षेत्र में मानव सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वन्यजीवों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। वन विभाग की टीमें क्षेत्र में सतर्क हैं तथा आवश्यकता के अनुसार आगे भी आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, वन्यजीव दिखाई देने पर उसके पास न जाएं तथा किसी भी वन्यजीव की गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को दें।
लेपर्ड के पकड़े जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली
ग्रामीणों के सहयोग से ही मानव एवं वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। डीएफओ ने कहा कि वन विभाग आमजन की सुरक्षा एवं वन्यजीव संरक्षण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। लेपर्ड के पकड़े जाने पर वन विभाग एंव ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
यह भी पढ़ेंः क्रेन से घर की छत पर पहुंचाई गई Scorpio, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल