बहराइच में तेंदुए का आतंक, शौच के लिए निकले युवक पर किया जानलेवा हमला
बहराइच (उत्तर प्रदेश)। यूपी में बहराइच के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मोतीपुर रेंज अंतर्गत चंदनपुर गांव में बुधवार सुबह तेंदुए के हमले से हड़कंप मच गया। शौच के लिए घर से निकले 32 वर्षीय अख्तर उर्फ झनकू पर गन्ने के खेत में छिपे तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया।
ग्रामीणों ने घायल को पहुंचाया अस्पताल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अख्तर के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े, जिसके बाद तेंदुआ खेत की ओर भाग निकला। हमले में युवक घायल हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि युवक खतरे से बाहर है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में दहशत का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की। क्षेत्र में पहले भी देखी जा चुकी है जंगली जानवरों की गतिविधियां
ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के काफी देर बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी जंगली जानवरों की गतिविधियां देखी जा चुकी हैं, लेकिन प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।
वन विभाग की टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए गश्त बढ़ाने और आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।
यह भी पढ़ें: रात में घर से लापता हुए...