वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान लाइसेंसी

वाराणसी एयरपोर्ट पर लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली, दो कर्मचारी घायल

Licensed Pistol Fires at Varanasi Airport, Two Employees Injured

वाराणसी (उत्तर प्रदेश)। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। हादसे में एयरपोर्ट के दो कर्मचारी घायल हो गए, जिन्हें तत्काल बड़ागांव के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

चेकिंग के दौरान हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, आजमगढ़ निवासी कमलेश राय एयर इंडिया एक्सप्रेस की मुंबई जाने वाली फ्लाइट IX1810 से यात्रा करने के लिए पत्नी के साथ एयरपोर्ट पहुंचे थे। सुरक्षा जांच के दौरान लाइसेंसी पिस्टल और कारतूसों की गिनती की जा रही थी, तभी अचानक पिस्टल से फायर हो गया। गोली एक महिला कर्मचारी के पैर और पास खड़े एक पुरुष कर्मचारी के हाथ के अंगूठे में लगी, जिससे दोनों घायल हो गए। घटना के बाद टर्मिनल भवन में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

CISF ने यात्री को लिया हिरासत में

गोली चलने की आवाज सुनते ही CISF और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं। यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई, जबकि फूलपुर थाना पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

क्या बोले अधिकारी

डीसीपी नीतू कादयान ने बताया कि यह एक आकस्मिक फायरिंग का मामला है और दोनों घायलों का उपचार चल रहा है। वहीं, एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने कहा कि घटना के बावजूद एयरपोर्ट पर कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही और उड़ान संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा। मामले की विस्तृत जांच जारी है। 

यह भी पढ़े:   मीरजापुर के राजमिस्त्री की करंट लगने से मौत, चार बेटियों और बेटे ने खोया पिता