रायबरेली में आकाशीय बिजली ने छीन ली जिंदगी, शौच के लिए निकले भोला की मौके पर मौत
रायबरेली {उत्तरप्रदेश}। डीह थाना क्षेत्र के पूरे काली मजरे रोखा गांव में सोमवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे काली मजरे रोखा निवासी भोला सोमवार सुबह शौच के लिए घर से निकला था। वह डीह रजबहा के पास पहुंचा था। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। उसकी चपेट में आने से भोला गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही मची चीख-पुकार
घटना की जानकारी होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने हादसे की सूचना स्वजन को दी। कुछ ही देर में परिजन मौके पर पहुंचे तो शव देखकर चीख-पुकार मच गई। गांव में भी घटना की खबर फैलते ही शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेने के साथ आवश्यक कार्रवाई शुरू की। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
खराब मौसम में सावधानी की अपील
अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने बारिश और खराब मौसम के दौरान लोगों से खुले स्थानों पर जाने से बचने तथा सावधानी बरतने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: श्रीलंका से छीनी जा सकती है 2027 महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी, भारत के आयोजन की संभावना बढ़ी