झालरापाटन में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरा चूने से भरा ट्रेलर; दो की मौत
झालावाड़ (राजस्थान)। के झालरापाटन में भंवरसा पुलिया के पास शनिवार रात करीब 10 से 11 बजे चूने से भरा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रेलर चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
संतुलन बिगड़ने से ट्रेलर पुलिया के नीचे खाई में जा गिरी
जानकारी के अनुसार ट्रेलर जोधपुर से चूना लेकर रायपुर, छत्तीसगढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क पर अचानक एक युवक आ जाने से उसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन को मोड़ दिया। अचानक संतुलन बिगड़ने से ट्रेलर पलट गया और पुलिया के नीचे खाई में जा गिरा।
सूचना मिलते ही झालरापाटन पुलिस मौके पर पहुंची
हादसे की सूचना मिलते ही झालरापाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को एंबुलेंस की सहायता से झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
दूसरे मृतक की पहचान अभी तक नहीं
पुलिस के अनुसार मृतक ट्रेलर चालक की पहचान श्योजीराम पुत्र श्रवण मीणा, निवासी बीजवाड़, टोंक के रूप में हुई है। वहीं दूसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस अज्ञात युवक की पहचान के लिए संबंधित थानों से संपर्क कर जानकारी जुटा रही है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
रविवार सुबह पुलिस कार्रवाई पूरी होने के बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की कार्रवाई की गई। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ेंः अमेठी में बसपा नेता की कार पर नकाबपोश बदमाशों का हमला, पिस्टल निकालते ही भागे हमलावर