मुगलसराय में शराब तस्करी का खुलासा, दो महिलाओं समेत 3 गिरफ्तार
चंदौली: मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने अवैध देशी शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 34 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की है। बरामद शराब 170 टेट्रा पैक में रखी गई थी। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में बुधवार सुबह सुभाष पार्क के पास चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक पुरुष और महिला शराब लेकर मुगलसराय रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर फायर सर्विस के सामने दोनों को पकड़ लिया। उनकी पहचान बिहार के रोहतास जिले के सासाराम थाना क्षेत्र के बलथुआ निवासी मोहन पासवान (40) और उसकी पत्नी मीरा देवी (35) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान दोनों के पास से ब्लू लाइम और विंडिज ब्रांड की कुल 19 लीटर देशी शराब बरामद हुई।
महिला की गठरी से मिले 15 लीटर शराब के टेट्रा पैक
वहीं, दूसरी कार्रवाई में परमार कटरा के पास रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने सिर पर गठरी लेकर जा रही एक महिला को रोककर तलाशी ली। गठरी से 75 टेट्रा पैक में रखी 15 लीटर ब्लू लाइम देशी शराब बरामद हुई। महिला की पहचान बिहार के रोहतास जिले के डालमियानगर निवासी सुनीता देवी (45) के रूप में हुई।
आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
दोनों मामलों में मुगलसराय कोतवाली में मुकदमा संख्या 580/2026 और 581/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में अभियोग दर्ज किया गया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुरेश चंद्र पांडेय, चौकी प्रभारी सतीश प्रकाश समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
ये भी पढ़ें: आयुर्वेदिक मेडिकल स्टोर में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख