राजस्थान-गुजरात सीमा पर मंडार बॉर्डर के पास अवैध श

टमाटर की आड़ में ₹11 लाख की शराब तस्करी, सिरोही का तस्कर गिरफ्तार

Liquor Smuggling Worth ₹11 Lakh Hidden Under Tomatoes, Smuggler Arrested

सिरोही {राजस्थान}: राजस्थान-गुजरात सीमा पर मंडार बॉर्डर के पास अवैध शराब तस्करी के खिलाफ गुजरात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब ₹11 लाख मूल्य की भारतीय निर्मित विदेशी शराब और बीयर की खेप बरामद की है। शराब को टमाटर की क्रेटों के बीच छिपाकर एक पिकअप वाहन से अहमदाबाद के अडालज क्षेत्र ले जाया जा रहा था।

टमाटर की क्रेटों में छिपाकर ले जाई जा रही थी शराब

गुजरात पुलिस ने दांतीवाड़ा-चंडीसर मार्ग पर वाहन की तलाशी के दौरान टमाटर की क्रेटों के बीच छिपाकर रखी गई शराब और बीयर बरामद की। कार्रवाई के दौरान सिरोही जिले के मंडार क्षेत्र के पादर निवासी राजाराम रेबारी को गिरफ्तार कर लिया गया।

₹10 हजार के लालच में कर रहा था तस्करी

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि शराब की खेप अहमदाबाद के अडालज पहुंचानी थी। इसके बदले उसे ₹10 हजार मेहनताना और अन्य खर्च देने का लालच दिया गया था।

पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पिकअप वाहन सहित पूरी खेप जब्त कर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गुजरात में शराबबंदी लागू होने के कारण राजस्थान-गुजरात सीमा से अवैध शराब तस्करी के लगातार प्रयास सामने आते रहे हैं। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और शराब के स्रोत का भी पता लगाने में जुटी हुई है।

यह भी पढ़े: मकराना कॉन्वेंट स्कूल में बच्ची से कथित यौन उत्पीड़न की आशंका, जांच तेज