दीपावली से पहले आबकारी विभाग का छापा, परचून की दुकान से शराब बरामद
बांदा: दीपावली के त्योहार पर जहां घरों में खुशियों के दीप जलाने की तैयारियां चल रही हैं, वहीं कुछ लोग त्योहार की आड़ में अवैध शराब का कारोबार करने में जुटे हैं। ऐसे ही कथित अवैध कारोबार पर आबकारी विभाग ने शिकंजा कसते हुए सोमवार को शहर कोतवाली क्षेत्र के मवई बुजुर्ग गांव में छापेमारी की। विभाग की अचानक हुई कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया। आबकारी विभाग की टीम ने गांव में संचालित तीन दुकानों को निशाने पर लेते हुए जांच-पड़ताल की।
परचून की दुकान से शराब और बीयर बरामद
इस दौरान परचून की एक दुकान से शराब, बियर समेत अन्य मदिरा बरामद हुई। टीम ने बरामद शराब को अपने कब्जे में ले लिया। हालांकि, दो अन्य दुकानों की तलाशी में कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। बताया जा रहा है कि गांव की दलित बस्ती के बीच परचून की दुकानों की आड़ में शराब, बियर और अंग्रेजी शराब की कथित रूप से अवैध बिक्री की जा रही थी। आरोप यह भी है कि इस कारोबार को शराब के कुछ बड़े ठेकेदारों की कथित मिलीभगत से संचालित कराया जा रहा था।
छापेमारी के बाद अवैध शराब के कारोबार पर उठे सवाल
दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर शराब की मांग बढ़ने की आशंका के बीच आबकारी विभाग की इस कार्रवाई ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं। आखिर परचून की दुकानों की आड़ में शराब का कथित कारोबार कब से चल रहा था? क्या इस खेल में अन्य लोग भी शामिल हैं? क्या त्योहार के दौरान भी ऐसी दुकानों पर अवैध शराब की बिक्री जारी रहेगी? फिलहाल आबकारी विभाग की छापेमारी के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। अब देखना होगा कि विभाग इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करता है और दीपावली के दौरान अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगा पाता है या नहीं।
ये भी पढ़ें- बांदा में प्रजापति समाज की महारैली, राजभर ने सपा विधायक को दी खुली चुनौती