जिस उम्र में बच्चे खिलौनों और कार्टून की दुनिया मे

नाड़ी पर हाथ रखा और बता दी दिल की हालत, पौने छह साल की कृतिका ने डॉक्टरों को चौंकाया

Little Kritika Amazes Doctors by Reading Pulse

मुरैना {मध्य प्रदेश}: जिस उम्र में बच्चे खिलौनों और कार्टून की दुनिया में रहते हैं, उस उम्र में मुरैना की पौने छह साल की कृतिका उपाध्याय नाड़ी देखकर शरीर के भीतर की स्थिति बताने के दावे को लेकर चर्चा में है। तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली कृतिका को वेद-पुराणों, शास्त्रों और संस्कृत मंत्रों का ज्ञान है। आयुर्वेद और एलोपैथी से जुड़ी उसकी समझ भी लोगों को हैरान कर रही है।

स्वास्थ्य शिविर में डॉक्टरों के सामने किया दावा

मुरैना में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में देश के जाने-माने हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. युसुफ जमाल के सामने कृतिका ने एक मरीज की नाड़ी देखी और उसके हृदय की कार्यक्षमता के बारे में जानकारी दी। इसके बाद हुई ईसीजी जांच में कृतिका की बताई जानकारी सही पाए जाने का दावा किया गया। कृतिका की प्रतिभा देखकर डॉ. जमाल ने भी उसकी उम्र के लिहाज से उसके ज्ञान को असाधारण बताया।

45 प्रतिशत कार्यक्षमता बताने का दावा

कृतिका के परिजनों के मुताबिक इससे पहले कैलारस नगर परिषद अध्यक्ष अंजना बंसल के जेठ की नाड़ी देखकर भी कृतिका ने उनके हृदय की कार्यक्षमता करीब 45 प्रतिशत बताई थी। चिकित्सकीय रिपोर्ट में यह 35 प्रतिशत दर्ज थी। बाद में दिल्ली में जांच कराने पर कृतिका के बताए आंकड़े के करीब परिणाम आने की बात कही गई।

बिना प्रशिक्षण के सीखी नाड़ी और चिकित्सा की जानकारी

कृतिका का जन्म शिवरात्रि 2021 को हुआ था। खास बात यह है कि उसके परिजन बताते हैं कि नाड़ी और चिकित्सा से जुड़ी जानकारी के लिए उसने कोई औपचारिक प्रशिक्षण नहीं लिया। वह भविष्य में हृदय रोग विशेषज्ञ बनना चाहती है। ग्वालियर के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पुनीत रस्तोगी उसकी प्रतिभा को ईश्वरीय बता चुके हैं। अरविंदो मेडिकल कॉलेज ग्रुप के चेयरमैन डॉ. विनोद भंडारी ने भी कृतिका के ज्ञान की सराहना की है।

वैज्ञानिक पुष्टि जरूरी

हालांकि नाड़ी देखकर किसी बीमारी या हृदय की कार्यक्षमता का चिकित्सकीय निर्धारण मानक चिकित्सा जांच का विकल्प नहीं है। कृतिका की प्रतिभा से जुड़े दावों की वैज्ञानिक पुष्टि विशेषज्ञ जांच से ही संभव है।

ये भी पढ़ें: रायबरेली में नाली विवाद बना खूनी संघर्ष: किसान की सरिया से पीटकर हत्या, सीएचसी में हंगामा