जहानाबाद के मखदुमपुर बाजार में बिजली पोल में उतरे

बिजली पोल में दौड़ रहा था करंट, चपेट में आने से युवक की मौत

Live current in electricity pole; youth dies after coming into contact with it.

जहानाबाद (बिहार)। मखदुमपुर बाजार में गुरुवार की सुबह बिजली विभाग की कथित लापरवाही एक युवक की जान पर भारी पड़ गई। बिजली के पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से 18 वर्षीय चन्दन कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि संबंधित पोल में करंट आने की शिकायत कई दिनों पहले ही बिजली विभाग और स्थानीय अधिकारियों को दी गई थी, लेकिन विभाग ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की। 

मखदुमपुर बाजार में दर्दनाक हादसा

जानकारी के अनुसार, मखदुमपुर बाजार निवासी चन्दन कुमार रोज की तरह सुबह अपनी लिट्टी की दुकान खोलने पहुंचे थे। दुकान खोलने के बाद वह पास में शौच के लिए गए। इसी दौरान रास्ते में स्थित बिजली के पोल में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गए। देखते ही देखते वह पोल से चिपक गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के शोर मचाने पर आसपास के लोग और मखदुमपुर थाना के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद लाठियों की मदद से युवक को करंट के प्रभाव से अलग किया गया।

ग्रामीणों ने बार-बार किया आगाह, लेकिन विभाग की अनदेखी पड़ गई भारी

हालांकि तब तक बहुत देर हो चुकी थी और युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक के परिजनों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जिस पोल में करंट उतर रहा था, उसकी शिकायत कई बार की गई थी। इतना ही नहीं, दो दिन पूर्व उसी स्थान पर करंट लगने से एक बेजुबान कुत्ते की भी मौत हो गई थी। उस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचना देकर पोल की मरम्मत कराने की मांग की थी, लेकिन विभाग ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। 

दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते विभाग ने आवश्यक कदम उठाए होते तो आज एक युवक की जान नहीं जाती। घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, वहीं स्थानीय लोग बिजली विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।

यह भी पढ़ेंः मुगलसराय में टीबी मुक्त भारत अभियान, 6060 लोगों की जांच में 31 मरीज मिले टीबी पॉजिटिव