केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में पुलिस को एक और

लोनावला पुलिस ने आरोपी का दोपहिया वाहन जब्त किया, फॉरेंसिक जांच तेज

Lonavala Police Seize Accused’s Two-Wheeler, Forensic Probe Intensifies

पुणे,(महाराष्ट्र)। लोनावला क्षेत्र में केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। लोनावला ग्रामीण पुलिस ने आरोपी चेतन चौधरी का दोपहिया वाहन जब्त कर लिया है, जिसका उपयोग उसने कथित तौर पर पुणे से लोहगढ़ किले तक आने-जाने के लिए किया था।

वाहन के साथ हुडी और हेडफोन भी बरामद

पुलिस ने जानकारी दी है, कि वाहन के साथ-साथ घटना के दिन आरोपी द्वारा पहने गए हुडी और हेडफोन भी बरामद किए गए हैं। इन सभी सामग्रियों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि मामले से जुड़े अहम सबूत जुटाए जा सकें।

18 जून को लोहगढ़ किले से गिरने से केतन की मौत

बताया जा रहा है, कि 26 वर्षीय व्यवसायी केतन की मौत 18 जून को लोहगढ़ किले से गिरने के बाद हुई थी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें यह मामला संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से जुड़ा पाया गया। जांच के दौरान मुख्य आरोपी सिया गोयल, उसके पिता प्रवीण गोयल और माता पूजा गोयल से भी पूछताछ की जा रही है। हाल ही में सिया गोयल और उसके दोस्त चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया गया था और वे फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं।

केस की त्वरित सुनवाई के लिए विशेष अदालत के गठन को मंजूरी

पुलिस को संदेह है, कि सिया परिवारिक दबाव में केतन अग्रवाल से शादी कर रही थी, और इसी तनाव के चलते यह घटना हुई। मामले की गहराई से जांच जारी है। इस बीच, महाराष्ट्र सरकार ने इस केस की त्वरित सुनवाई के लिए विशेष अदालत के गठन को मंजूरी दी है। साथ ही वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद उज्ज्वल निकम को विशेष लोक अभियोजक नियुक्त किया गया है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद आश्वासन दिया है, कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और मामले की सुनवाई तेजी से पूरी की जाएगी। (एएनआई)

यह भी पढ़ेंः सिमलीपाल टाइगर रिजर्व में खुशखबरी: बाघिन ज़ीनत अपने चार शावकों के साथ जंगल में दिखी